Move to Jagran APP

'RJD वाले लालटेन युग की तरफ ढकेल रहे', बिहार में गरजे यूपी के CM योगी आदित्यनाथ

CM Yogi in Bihar उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिहार पहुंचे। इस दौरान औरंगाबाद और नवादा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी कर्पूरी ठाकुर का सम्मान नहीं किया। उन्हें भारत रत्न मिलने से बिहारवासियों का सम्मान बढ़ा।

By Jagran News Edited By: Shashank Shekhar Published: Mon, 15 Apr 2024 06:40 PM (IST)Updated: Mon, 15 Apr 2024 06:40 PM (IST)
'RJD वाले लालटेन युग की तरफ ढकेल रहे', बिहार में गरजे यूपी के CM योगी आदित्यनाथ

डिजिटल डेस्क, नवादा। CM Yogi in Bihar मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिहार के नवादा में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। यहां से भाजपा उम्मीदवार विवेक ठाकुर के पक्ष में कमल खिलाने की अपील की।

loksabha election banner

एक तरफ सीएम योगी ने विकास कार्यों के बलबूते एनडीए गठबंधन के लिए वोट की अपील की तो दूसरी तरफ कांग्रेस व राजद को खूब धोया।

उन्होंने अंधेरगर्दी युग को याद दिलाकर राजद को घेरा तो महापुरुषों का सम्मान करने वाली भाजपा को संकल्पों को भी याद दिलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय भाषा में लोगों का अभिवादन किया।

राजद व उनके लोग लालटेन युग की तरफ पीछे ढकेल रहे- सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निशाने पर राष्ट्रीय जनता दल रहा। उन्होंने कहा कि इस बात की गारंटी है कि दिल्ली से पैसा अब सीधे अकाउंट में आता है। विकास कार्यों को गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पिछले 10 वर्ष में चार करोड़ गरीबों को मकान मिले हैं।

अगले पांच वर्ष में तीन करोड़ और मकान बनाएंगे। ईश्वर लालू जी को स्वस्थ करें, वह आबादी बढ़ाएं और भाजपा आवास बनाने का कार्य करेगी। एक तरफ मोदी जी भारत को डिजिटल युग में ले जा रहे हैं तो दूसरी तरफ राजद व उनके लोग लालटेन युग की तरफ पीछे ढकेल रहे हैं।

'कांग्रेस ने जयप्रकाश बाबू व कर्पूरी ठाकुर को सम्मान नहीं दिया'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नवादा देश के लोकतंत्र को बचाने वाले स्व. जयप्रकाश बाबू की पावन कर्मभूमि और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर की पावन धरा है। बिहार ने देश को सब कुछ दिया। संविधान निर्माण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बाबू, पूर्व मुख्यमंत्री कृष्ण बाबू इसी जमीं के हैं।

कांग्रेस व उनके सहयोगियों ने कभी जयप्रकाश जी, कर्पूरी ठाकुर को सम्मान नहीं दिया, लेकिन पीएम मोदी व भाजपा ने कर्पूरी ठाकुर को 'भारत रत्न' देकर बिहार वासियों को सम्मान दिया। इसे लोकतंत्र की प्रारंभिक भूमि के रूप में जाना जाता है। यह देश के इतिहास को बनाने व लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने वाली भूमि है।

लोकतंत्र के सामने सबसे बड़ा संकट राजनीति का अपराधीकरण, अपराधियों का राजनीतिकरण रहा। जातिवादी-परिवारवादी राजनीति लोकतंत्र में सबसे बड़ी बाधा है।

धारा-370 जम्मू-कश्मीर को शेष भारत से अलग करती थी- CM योगी

सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षित माहौल में ही विकास की परिकल्पना को बढ़ा सकते हैं। 2019 के पहले जम्मू-कश्मीर के अंदर शेष भारत का कोई नागरिक जमीन नहीं खरीद सकता था। धारा-370 जम्मू-कश्मीर को शेष भारत से अलग करती थी। पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार करते हुए धारा-370 समाप्त किया।

सीएम ने कहा कि रामलला विराजमान हुए अयोध्या में, उत्साह-उमंग था बिहार में। रामलला मंदिर के लिए सबसे पहला उपहार बिहार से ही आया था। उन्होंने कहा कि नौजवानों को 10 लाख रुपये तक का ब्याज फ्री लोन मिलता था। संकल्प पत्र में कहा गया कि अब यह राशि बढ़ाकर 20 लाख कर दी गई।

राजद को रंगदारी वसूली से फुर्सत नहीं थी- योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने कहा कि राजद को रंगदारी वसूली से फुर्सत नहीं थी, लेकिन भाजपा-एनडीए सरकार में रंगदारी नहीं हो सकती। राजद व सहयोगी दल के लोग तमंचा लहराने वाले लोग हैं, इन्हें टैबलेट से क्या मतलब। भाजपा व सहयोगी दल डिजिटल इंडिया के जरिए आत्मनिर्भर भारत व विकसित भारत की परिकल्पना को साकार बनाने के सारथी के रूप में बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन राजद व सहयोगी दल डिजिटल इंडिया का विरोध करते हैं।

राजनीति का अपराधीकरकण करने वालों की गर्मी निकाल दीजिए- CM योगी

सीएम ने कहा कि यूपी में तिनका भी नहीं हिलता। हमने सिर्फ अयोध्या में ही रामलला को विराजमान नहीं किया है, बल्कि माफिया व अपराधियों को राम-नाम सत्य की यात्रा पर भी भेज दिया। कुछ जेल चले गए, कुछ जहन्नुम चले गए। कुछ लोगों की यात्रा स्वतः ही आगे बढ़ गई है।

यह काम केवल भाजपा कर सकती है। यूपी जैसा हाल आप भी बिहार में चाहते हैं तो 19 अप्रैल को कितनी भी गर्मी हो, परवाह नहीं करना। आप कमल खिलाइए और राजनीति का अपराधीकरण करने वालों की गर्मी निकाल दीजिए।

जूझने का जज्बा रखते हैं विवेक ठाकुर- सीएम योगी

सीएम ने कहा कि 2022 में मैं विधानसभा चुनाव लड़ रहा था तो विवेक ठाकुर छह महीने-साल भर तक उप्र में कैंप किया था। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं का सहयोग कर रहे थे। देश के सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सक, अटल जी के साथ मिलकर देश में एम्स की श्रृंखला बढ़ाने का खांचा खींचने वाले पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सीपी ठाकुर के सुपुत्र विवेक ठाकुर जूझने का जज्बा रखते हैं।

सीपी ठाकुर ने कालाजार की समस्या का निदान निकालकर बिहारवासियों को बीमारी से बचाया था, इसलिए उन्हें पद्म पुरस्कार दिया गया था। उनकी योग्यता व क्षमता पर किसी को संदेह नहीं हो सकता। योग्य पिता के योग्य पुत्र सेवा के लिए आपके पास आए हैं।

इस अवसर पर नवादा से भाजपा उम्मीदवार विवेक ठाकुर, विधायक अरुणा देवी, एमएलसी निवेदिता सिंह, पूर्व मंत्री पूनम शर्मा, पूर्व विधायक अनिल सिंह, कन्हैया आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- 

CM योगी का लालू यादव पर डायरेक्ट अटैक, बिहार में बोले- ऐसे लोगों को मैंने ठंडा कर दिया

Nitish Kumar: 'पुरानी दोस्ती नहीं तोड़ेंगे', नीतीश कुमार ने किसके लिए कही ये बात? मुसलमानों से भी की अपील


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.