यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Nitish Kumar: 'पुरानी दोस्ती नहीं तोड़ेंगे', नीतीश कुमार ने किसके लिए कही ये बात? मुसलमानों से भी की अपील
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लड़कियों के शिक्षित होने की वजह से बिहार में प्रजनन दर 4.3 से घटकर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को शेखपुरा के घाटकोसुंभा टाल में एनडीए की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लालू-राबड़ी राज पर जमकर हमला बोला। साथ ही भाजपा के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए इसे और मजबूत करने की बात कही।
जमुई संसदीय क्षेत्र से एनडीए समर्थित लोजपा के प्रत्याशी के पक्ष में लोगों को मतदान करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का विकास कर रहे हैं। मैं बिहार का विकास कर रहा हूं। अब हम इधर-उधर नहीं जाएंगे। पुरानी दोस्ती है, नहीं तोड़ेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि इस चुनाव में बिहार की सभी 40 और देश में 400 से अधिक सीटें जीतकर फिर से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। बेटियों की शिक्षा पर बोलते हुए कहा, लड़कियों को शिक्षा के प्रति आकर्षित करने के लिए पोशाक और साइकिल के बाद अब इंटर पास करने पर 25 हजार तथा स्नातक पास करने पर 50 हजार रुपया प्रोत्साहन दे रहे हैं।
'लड़कियों के शिक्षित होने की वजह से...'
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लड़कियों के शिक्षित होने की वजह से बिहार में प्रजनन दर 4.3 से घटकर 2.9 आ गया है और इस वर्ष के सर्वे में इसके और नीचे आने की उम्मीद है। नई पीढ़ी को लालू-राबड़ी राज की बातें बताते हुए कहा कि 2005 से पहले लोग शाम के बाद घरों से नहीं निकलते थे। बिहार में कोई विकास नहीं हुआ था। हमने सड़क, बिजली, स्कूल, पानी, अस्पताल सब कुछ बनवाया।
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने (भाजपा के साथ मिलकर) जो काम किया उसी को वे लोग (तेजस्वी) अपना काम बता रहे हैं। 15 वर्षों में पति-पत्नी ने कोई काम नहीं किया। मुख्यमंत्री ने मुसलमानों से भी राजनीतिक भटकाव से बचने और एनडीए को वोट देने की अपील की।
'8000 कब्रिस्तानों की...'
नीतीश ने कहा कि 8000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी की और अब 60 वर्ष पुराने मठ, मंदिरों की भूमि की भी घेराबंदी करने का काम शुरू किया है।
जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का विकास सब जगह दिखता है। किसी क्षेत्र में काम बाकी नहीं रहा। क्षेत्रीय सांसद चिराग पासवान ने कहा मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हो रहा है। गरीब के घर से लेकर देश की सीमा तक देश की मजबूती और तरक्की हो रही है।
