छात्रा से बात करने पर खूनी खेल! बातचीत के बहाने बुलाकर दो सगे भाइयों को चाकू से गोदा, बिहारशरीफ में सनसनी
बिहारशरीफ के मोगल कुआं मस्जिद के पास दो सगे भाइयों मोहम्मद अली और मोहम्मद अरबाज पर चाकू से जानलेवा हमला ...और पढ़ें

छात्रा से बात करने पर खूनी खेल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बिहारशरीफ में दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला।
छात्रा से बातचीत को लेकर हुआ विवाद, गंभीर रूप से जख्मी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगल कुआं मस्जिद के समीप सोमवार की शाम बदमाशों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जख्मी की पहचान बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद परवेज के पुत्र मोहम्मद अली और मोहम्मद अरबाज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विवाद सोगरा हाई स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से बातचीत को लेकर हुआ। जख्मी मोहम्मद अली नौवीं कक्षा का छात्र है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अली और छात्रा एक ही स्कूल में पढ़ते हैं और दोनों के बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता है। हालांकि, छात्रा के पक्ष के लोगों को इस बातचीत को लेकर गलतफहमी हो गई थी।
बातचीत के बहाने बुलाकर किया हमला
आरोप है कि छात्रा के पक्ष के सोनू नामक युवक ने अपने साथियों के साथ बातचीत करने के बहाने अली को मोगल कुआं मस्जिद के पास बुलाया। अली के मुताबिक, शुरुआत में बातचीत सामान्य तरीके से हुई, लेकिन कुछ देर बाद वहां मौजूद छह-सात युवक गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान पीछे से एक युवक ने चाकू निकालकर उसकी पीठ पर वार कर दिया।
भाई पर हमला होने की जानकारी मिलते ही दुकान पर मौजूद अरबाज बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके हाथ में गहरा जख्म हो गया। इस बीच मौके पर पहुंचे चचेरे भाई जैद खान ने किसी तरह दोनों को हमलावरों से छुड़ाया और ऑटो से सदर अस्पताल पहुंचाया।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। छात्रा से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में युवक को बातचीत के बहाने बुलाया गया और गाली-गलौज के बाद चाकूबाजी की घटना हुई।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर लिया है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- नालंदा में गोतिया के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 3 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।