नालंदा में गोतिया के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 3 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
नालंदा के सरमेरा में गाड़ी निकालने के मामूली विवाद में गोतिया के लोगों ने 36 वर्षीय मजदूर समंत मांझी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
जागरण संवाददाता, बिहार शरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परनामा गांव में शनिवार की देर शाम मामूली विवाद को लेकर गोतिया के लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
युवक परनामा गांव निवासी स्वर्गीय नरेश मांझी के 36 वर्षीय पुत्र समंत मांझी है। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार की सुबह बिहारशरीफ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पत्नी सीमा देवी ने बताया कि शनिवार की शाम उनके पति घर में खाना खाने के बाद हाथ धोने के लिए बाहर निकले थे।
इसी दौरान पहले से घात लगाए गोतिया के लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन और भांजा मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
गाड़ी निकालने के दौरान शुरू हुआ था विवाद
स्वजन के अनुसार, विवाद की शुरुआत गाड़ी निकालने के दौरान टोकने को लेकर हुई थी। गोतिया परिवार में एक भतीजे की मौत हो गई थी। उसी सिलसिले में लोग जा रहे थे।
इसी दौरान गाड़ी निकालने को लेकर समंत मांझी ने कुछ कह दिया था। आरोप है कि इसी बात की रंजिश में साधु मांझी और उसके पुत्र जमाहिर मांझी एवं रौशन मांझी ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप
घटना के बाद स्वजन घायल युवक को आनन-फानन में सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
मृतक के साले प्रद्युमन कुमार ने सदर अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रात के समय बार-बार गुहार लगाने के बावजूद कोई डॉक्टर या नर्स मरीज को देखने नहीं पहुंचे। स्वजन का आरोप है कि समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण रविवार की सुबह समंत मांझी की मौत हो गई।
वहीं, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने स्वजन के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज का नियमानुसार उपचार किया गया था। यदि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापामारी
घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि मारपीट में घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
तीन मासूम बेटियों के पालन-पोषण पर संकट
समंत मांझी दैनिक मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से पत्नी सीमा देवी और तीन छोटी-छोटी बेटियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- संघमित्रा एक्सप्रेस में किन्नरों की दबंगई: पैसे नहीं देने पर यात्री को दांत से काटा, बिहार में 5 गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।