कन्यादान का महापुण्य पाना चाहते हैं तो जरूर कराएं तुलसी विवाह, श्रीहरि की कृपा से खुलते हैं मोक्ष के द्वार
कार्तिक मास की देवोत्थान एकादशी पर बिंद क्षेत्र में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह विधि-विधान से संपन्न हुआ।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
देवोत्थान एकादशी पर हुआ भगवान शालिग्राम और तुलसी का विवाह।
तुलसी विवाह से कन्यादान के समान पुण्य की होती है प्राप्ति।
यह विवाह वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाता है।
संवाद सूत्र, बिंद। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्रद्धालु महिलाओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह संपन्न कराया।
इस दौरान महिलाओं ने सोलह शृंगार कर तुलसी माता की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की।
पूजा के दौरान तुलसी के पौधे के समीप चौकी पर भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम को विराजमान कराया गया। इसके बाद फूल, फल, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित कर पूजा की गई।
भगवान शालिग्राम को धोती, गमछा और जनेऊ चढ़ाया गया, जबकि माता तुलसी को सुहाग के प्रतीक के रूप में लाल चुनरी और हल्दी अर्पित की गई।
विवाह की रस्में पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूरी की गईं। इस अवसर पर आचार्य धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवप्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं और सृष्टि का संचालन पुनः संभालते हैं। इसी दिन भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह कराने की परंपरा है।
उन्होंने कहा कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य की प्राप्ति होती है। सुहागिन महिलाओं को तुलसी विवाह अवश्य करना चाहिए। इससे अखंड सौभाग्य, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली आती है।
कन्यादान के बराबर मिलता है पुण्य
मान्यता है कि जिन लोगों ने कन्यादान नहीं किया है, वे जीवन में एक बार तुलसी विवाह कर कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। विधि-विधान से तुलसी विवाह संपन्न कराने वाले श्रद्धालुओं को मोक्ष की प्राप्ति होती है और वैवाहिक जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।
आचार्य ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी को उनके जागने के साथ ही विवाह सहित सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।