10 साल की उम्र में शुरू किया क्रिकेट का सफर, अब बिहार रणजी टीम में नालंदा के नमन गौरव की एंट्री
नालंदा के प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज नमन गौरव का बिहार रणजी ट्रॉफी टीम में चयन हुआ है। वह 11 नवंबर को ...और पढ़ें

नालंदा के नमन गौरव का बिहार रणजी टीम में चयन। फाइल
HighLights
नमन गौरव का बिहार रणजी ट्रॉफी टीम में चयन हुआ।
11 नवंबर को राजगीर में यूपी के खिलाफ पहला मैच।
अंडर-23 में नागालैंड के खिलाफ जड़ा था दोहरा शतक।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। Bihar Ranji Team 2026: नालंदा के प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज नमन गौरव ने क्रिकेट के बड़े मंच पर दस्तक दी है।
उनका चयन बिहार रणजी ट्रॉफी टीम में किया गया है। 11 नवंबर से राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी में बिहार का पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश से होगा।
इस मैच में नमन बिहार की ओर से मैदान पर उतरेंगे। उनके चयन से नालंदा जिला क्रिकेट संघ और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है।
अंडर 23 में नागालैंड के खिलाफ जड़ा था दोहरा शतक
नमन ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया है। पिछले वर्ष बिहार अंडर-23 टीम की ओर से खेलते हुए नागालैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में नाबाद दोहरा शतक जड़ा था।
200 रनों की इस पारी ने उनकी प्रतिभा और धैर्य की मजबूत झलक दिखाई थी। बिहारशरीफ के छोटी पहाड़ी निवासी नमन गौरव, सतेंद्र प्रसाद और चंद्रवती कुमारी के पुत्र हैं।
बचपन से क्रिकेट के प्रति था जुनून
क्रिकेट के प्रति जुनून उन्हें महज 10 वर्ष की उम्र में अली शाह क्रिकेट अकादमी तक ले गया। बड़े भाई श्वेत गौरव ने उनके क्रिकेट सफर में अहम भूमिका निभाई।
जबकि राजेश रंजन ने उन्हें पहला क्रिकेट किट उपलब्ध कराया। नमन के चयन पर उनके माता-पिता ने खुशी जताई। नालंदा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह सहित पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।
खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि रणजी में भी नमन अपनी बल्लेबाजी से नालंदा और बिहार का नाम रोशन करेंगे।
यह भी पढ़ें- Bihar Ranji Team: पहले दो मैचों से बाहर रहेंगे वैभव सूर्यवंशी, शकीबुल गनी को फिर मिली बिहार की कप्तानी
