Bihar Ranji Team: पहले दो मैचों से बाहर रहेंगे वैभव सूर्यवंशी, शकीबुल गनी को फिर मिली बिहार की कप्तानी
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले दो मुकाबलों के लिए टीम घोषित कर दी है, जिसमें शकीबुल ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी
HighLights
शकीबुल गनी को बिहार रणजी टीम का कप्तान बनाया गया।
वैभव सूर्यवंशी वेस्टइंडीज दौरे के कारण शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे।
आशुतोष अमन पहली बार बिहार रणजी टीम के हेड कोच बने।
अक्षय पांडेय, पटना। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले दो मुकाबलों के लिए बुधवार को बिहार की टीम घोषित कर दी। बीसीसीआई द्वारा बुलाए गए चयनकर्ताओं की निगरानी में हुई चयन प्रक्रिया के बाद 17 खिलाड़ियों को मुख्य टीम में जगह दी गई है, जबकि छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय रखा गया है। वेस्टइंडीज दौरे पर होने के कारण वैभव सूर्यवंशी पहले दो मैचों में बिहार टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
शकीबुल गनी के हाथों में फिर बिहार की कमान
शकीबुल गनी को एक बार फिर बिहार टीम की कप्तानी सौंपी गई है। हिमांशु सिंह को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में विकेटकीपर के तौर पर बिपिन कुमार सौरभ और सरमन निगरोध को शामिल किया गया है।
चयन प्रक्रिया बीसीसीआई द्वारा नियुक्त हरविंदर सिंह, एस. शरद और अमिताभ विजयवर्गीय की निगरानी में पूरी हुई।
आशुतोष अमन पहली बार संभालेंगे हेड कोच की जिम्मेदारी
बिहार के सफल रणजी कप्तानों में शामिल रहे आशुतोष अमन अब नई भूमिका में नजर आएंगे। उन्हें पहली बार बिहार रणजी टीम का हेड कोच बनाया गया है।
अशोक कुमार असिस्टेंट कोच होंगे, जबकि डॉ. हमेंन्दु फिजियो और गोपाल कुमार ट्रेनर की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम के लिए यह घरेलू सत्र नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
11 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के खिलाफ अभियान
बिहार रणजी टीम अपने अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला राजगीर के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
इसी मुकाबले के साथ बिहार में नए घरेलू क्रिकेट सत्र का भी आगाज होगा। पहले दो मैचों के लिए टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संयोजन किया गया है।
पहले दो मैचों के लिए बिहार की टीम
- शकीबुल गनी (कप्तान)
- आयुष लोहारूका
- मंगल महरूर
- नमन गौरव
- पीयूष सिंह
- बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर)
- सरमन निगरोध (विकेटकीपर)
- आकाश राज
- पृथ्वी राज
- हिमांशु सिंह (उपकप्तान)
- खालिद आलम
- सूरज कुमार कश्यप
- शाकीब हुसैन
- एमडी इजहार
- शब्बीर खान
- राघवेंद्र सिंह
- अमोद यादव
छह खिलाड़ी स्टैंडबाय में शामिल
पहले दो मुकाबलों के लिए छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय रखा गया है। इनमें नवाज खान, मलय राय, दानिश आलम, तनु कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत कुमार सिंह शामिल हैं। टीम में किसी बदलाव या जरूरत की स्थिति में स्टैंडबाय खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है।
