पत्नी को मिली सरकारी नौकरी, पूजा करने रजरप्पा जा रहे नालंदा के एक ही परिवार के 13 लोगों की सड़क हादसे में मौत
झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में नालंदा के एक ही परिवार के 13 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।
-1795923275034_m.webp)
रामगढ़ सड़क हादसे में नालंदा के एक ही परिवार के13 लोगों की मौत। (जागरण)
HighLights
रामगढ़ में भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत।
नालंदा के एक ही परिवार के सदस्य थे सभी मृतक।
सरकारी नौकरी की खुशी में रजरप्पा मंदिर जा रहे थे।
जागरण संवाददाता, नालंदा। झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में नालंदा के एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
सभी बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के रहने वाले थे। परिवार के सदस्य रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
विवेकानन्द प्रसाद की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरा परिवार मंदिर में पूजा करने निकला था। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, जंघारो गांव निवासी परिवार के सदस्य दो स्कॉर्पियो से शनिवार की देर रात रजरप्पा धाम जा रहे थे। एक गाड़ी आगे चल रही थी, जबकि दूसरी उसके पीछे थी।
पीछे चल रही स्कॉर्पियो रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में एनएच-33 पर पैंकी गांव के पास रात करीब एक बजे आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में निजी स्कूल संचालक 40 वर्षीय विवेकानन्द प्रसाद, उनकी पत्नी 38 वर्षीय अमृता देवी, 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, 11 वर्षीय अमन कुमार और 18 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी शामिल हैं।
इसके अलावा विवेकानन्द के चचेरे-ममेरे भाई के 22 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार और सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र चंदन कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भी मौत हो गई।
नौकरी मिलने पर जा रहे थे मंदिर
बताया जाता है कि परिवार के सदस्य विवेकानन्द प्रसाद की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
इस यात्रा में परिवार के सदस्य दो स्कॉर्पियो से निकले थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। शेष पांच लोगों में एक चालक अकौना गांव का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और एसडीपीओ आलोक रंजन समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद जंघारो गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस परिवार में नौकरी मिलने की खुशी मनाई जा रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं को ले जा रही SUV दुर्घटनाग्रस्त, 13 लोगों की मौत