पुराने गिरे तो निकल आए खून की नसों वाले 'वेलवेट' सींग; राजगीर में हिरणों का यह अनोखा रूप देख चौंक रहे लोग
राजगीर जू सफारी में पर्यटक नर हिरणों के सींग गिरने और नए 'वेलवेट' सींग उगने की अनोखी प्राकृतिक प्रक्रिया देख ...और पढ़ें

पुराने गिरे तो निकल आए खून की नसों वाले 'वेलवेट' सींग; राजगीर में हिरणों का यह अनोखा रूप देख चौंक रहे लोग
HighLights
राजगीर जू सफारी में हिरणों के सींग बदलने की प्रक्रिया।
नर हिरणों के पुराने सींग गिरकर नए 'वेलवेट' सींग उग रहे।
यह प्राकृतिक बदलाव पर्यटकों को वन्यजीवों के करीब ला रहा है।
संवाद सहयोगी, राजगीर। वाइल्ड लाइफ जू सफारी राजगीर (Rajgir Zoo Safari) में इन दिनों प्रकृति का अनोखा नजारा पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। सफारी परिसर में नर हिरणों के पुराने सींग गिरने और उनकी जगह नए सींग उगने की प्रक्रिया को पर्यटक करीब से देख रहे हैं।
चीतल, सांभर और बारहसिंगा में हो रहे इस बदलाव को देखकर पर्यटक रोमांचित हैं। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार सींग बदलने की यह प्राकृतिक प्रक्रिया प्रत्यक्ष देखी है।
सफारी के अलग-अलग बाड़ों में नर हिरणों के सिर पर नए सींग निकलते दिख रहे हैं। उनपर चढ़ा मुलायम और मखमली आवरण लोगों का खास ध्यान खींच रहा है।
जीव विज्ञान में इस आवरण को 'वेलवेट' कहा जाता है। इसमें रक्त वाहिकाओं का जाल होता है, जो बढ़ते सींगों को जरूरी पोषण पहुंचाता है। कुछ महीनों में सींग पूरी तरह विकसित होकर कठोर हो जाते हैं।
नर हिरणों के सींग गिरना और फिर उगना नियमित जैविक प्रक्रिया है। प्रजनन काल समाप्त होने के बाद हार्मोन के स्तर में बदलाव से पुराने सींग प्राकृतिक रूप से गिर जाते हैं।
इसके कुछ ही समय बाद उसी स्थान पर नए सींग विकसित होने लगते हैं। धीरे-धीरे इनमें कैल्शियम जमा होता है और ये मजबूत हड्डी का रूप ले लेते हैं।
गिरे हुए पुराने सींग भी जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र में अहम भूमिका निभाते हैं। इनमें मौजूद कैल्शियम और फास्फोरस जैसे खनिजों का उपयोग गिलहरी और चूहे समेत छोटे जीव करते हैं। इससे प्रकृति में खनिजों का चक्र बना रहता है।
सफारी प्रबंधन के अनुसार, ऐसे दृश्यों के जरिए पर्यटकों को वन्यजीवों के जीवन चक्र, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सफारी में वन्यजीवों की गतिविधियां प्रकृति को करीब से समझने का अवसर देती हैं।