करमा पूजा के बीच नालंदा में तीन लोगों की डूबने से मौत, दोस्त को बचाने में गई युवक की जान
नालंदा जिले में करमा पूजा के उल्लास के बीच तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें एक सात ...और पढ़ें

नालंदा में हादसे के बाद गमगीन स्वजन। जागरण
HighLights
करमा पूजा के दौरान नालंदा में तीन लोगों की मौत।
युवक ने दोस्त को बचाने के प्रयास में जान गंवाई।
गोईठवा नदी में स्नान करते समय महिला और बच्ची डूबीं।
जागरण संवाददाता, नालंदा। करमा पूजा के उल्लास के बीच मंगलवार को नालंदा जिले में अलग-अलग स्थानों पर डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में सात वर्षीय बच्ची, 35 वर्षीय महिला और 19 वर्षीय युवक शामिल हैं। नगरनौसा थाना क्षेत्र में युवक की मौत दोस्त को बचाने के दौरान हुई।
जबकि रहुई थाना क्षेत्र में गोईठवा नदी में स्नान करने के दौरान महिला और बच्ची डूब गईं। घटनाओं के बाद मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया।
दोस्त को बचाने में डूबा युवक
नगरनौसा थाना क्षेत्र के बलधा गांव निवासी 19 वर्षीय दिलखुश कुमार मंगलवार को अपने करीब दस दोस्तों के साथ लछु बिगहा रेलवे स्टेशन के पास स्थित तालाब में करमा पूजा के लिए गौरा-गौरी बनाने की मिट्टी लाने और स्नान करने गया था।
इसी दौरान एक युवक गहरे पानी और दलदल में फंसकर डूबने लगा। दिलखुश उसे बचाने के लिए पानी में गया। उसका दोस्त तो बाहर निकल गया, लेकिन दिलखुश गहरे पानी में फिसलकर डूब गया। स्वजन ने उसे पानी से बाहर निकालकर स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गोईठवा नदी में डूबी महिला
रहुई थाना क्षेत्र के बसानपुर गांव में करमा पूजा के दौरान महिलाओं और बच्चों का समूह गोईठवा नदी में स्नान करने गया था।
इसी दौरान किशोर पासवान की 35 वर्षीय पुत्री राधा देवी का पैर गहरे पानी में फिसल गया और वह तेज बहाव में डूब गईं। सूचना मिलने पर ग्रामीण नदी में पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
स्नान के दौरान सात वर्षीय बच्ची की मौत
रहुई थाना क्षेत्र के सोसन्दी पंचायत के कुमरडीह गांव में भी गोईठवा नदी में डूबने से सात वर्षीय नंदिनी कुमारी की मौत हो गई। स्वजन के अनुसार, करमा पूजा को लेकर करीब 15 महिलाएं और बच्चे नदी में स्नान करने गए थे।
नंदिनी अन्य लोगों से कुछ पहले नदी में उतर गई। बाद में उसके नहीं दिखने पर खोजबीन शुरू की गई। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव नदी से बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया।
लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि बसानपुर और कुमरडीह में गोईठवा नदी में डूबने से महिला और बच्ची की मौत हुई है। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
