विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद में करमा पूजा के अवशेष विसर्जित करने गईं चार लड़कि‍यां पोखर में डूबीं, 17 वर्षीय आकांक्षा की मौत

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:09 AM (IST)

औरंगाबाद के सिंघना गांव में करमा पूजा के अवशेष विसर्जित करते समय एक 17 वर्षीय युवती आकांक्षा कुमारी की पोखर ...और पढ़ें

औरंगाबाद में पोखर में डूबने से क‍िशोरी की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

औरंगाबाद में पोखर में डूबने से क‍िशोरी की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. करमा पूजा के अवशेष विसर्जित करते समय हादसा।

  2. औरंगाबाद के सिंघना गांव में युवती की डूबकर मौत।

  3. तीन अन्य युवतियों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचाया।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। अंबा थाना क्षेत्र के सिंघना गांव में बुधवार की सुबह करमा पूजा का उल्लास अचानक मातम में बदल गया।

पूजा के अवशेष विसर्जित करने पोखर में गईं चार युवतियां गहरे पानी में डूबने लगीं। ग्रामीणों ने तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 17 वर्षीय आकांक्षा कुमारी की डूबने से मौत हो गई।

करीब दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव पोखरा से बरामद किया गया। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसर गया है। 

पूजा के अवशेष विसर्जित करने गई थीं 

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब पांच बजे दीपक सिंह की बड़ी बेटी आकांक्षा कुमारी अपनी सहेलियों पायल कुमारी, छाया कुमारी और पुष्पांजलि कुमारी के साथ करमा पूजा के अवशेष विसर्जित करने पोखर पहुंची थी।

विसर्जन के दौरान आकांक्षा अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे डूबता देख उसकी तीनों सहेलियां बचाने के लिए पोखर में उतर गईं। देखते ही देखते चारों युवतियां पानी में डूबने लगीं।

युवतियों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पोखर में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद पायल, छाया और पुष्पांजलि को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आकांक्षा का कहीं पता नहीं चला। करीब दो घंटे बाद गहरे पानी से उसका शव बरामद किया गया।

शादी तय होने के बाद हादसे ने छीनी खुशियां

आकांक्षा की शादी तय हो चुकी थी। स्वजन के अनुसार, करीब एक वर्ष बाद उसकी शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियों और भविष्य के सपने संजोए जा रहे थे, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

बेटी का शव मिलते ही स्वजन की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। तीनों युवतियों की स्थिति सामान्य पोखरा से निकाली गई पायल, छाया और पुष्पांजलि को तत्काल बालूगंज स्थित निजी क्लिनिक ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

घटना की सूचना मिलने पर अंबा थाना पुलिस सिंघना गांव पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें- पटना के मनेर में गंगा में डूबी महिला समेत दो बच्चियां, कर्मा-धर्मा पूजा के बाद झुरमुर बहाने के दौरान हुआ हादसा