नालंदा के लाल का इटली में डंका, RML के सर्जन डॉ. रवि रंजन ने हासिल की इंटरनेशनल फेलोशिप
डॉ. रवि रंजन ने इटली के डी. सर्वेसी हॉस्पिटल में शोल्डर एवं एल्बो सर्जरी की छह सप्ताह की विशेष क्लिनिकल फेलोशिप सफलतापूर्वक पूरी की है।

नालंदा के लाल का इटली में डंका, RML के सर्जन डॉ. रवि रंजन ने हासिल की इंटरनेशनल फेलोशिप
HighLights
डॉ. रवि रंजन ने इटली में विशेष फेलोशिप पूरी की।
कंधे और कोहनी की जटिल सर्जरी का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
नालंदा और बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
संवाद सूत्र, एकंगरसराय। बिहार के युवा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि रंजन ने चिकित्सा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर नालंदा और बिहार का नाम रोशन किया है।
उन्होंने इटली के प्रतिष्ठित डी. सर्वेसी हॉस्पिटल, कैटोलिका में शोल्डर एवं एल्बो सर्जरी की छह सप्ताह की विशेष क्लिनिकल फेलोशिप सफलतापूर्वक पूरी की है। यह प्रशिक्षण 12 सितंबर से 23 अक्टूबर 2026 तक चला।
विश्वप्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. पाओलो पलादिनी के मार्गदर्शन में आयोजित इस फेलोशिप के दौरान डॉ. रवि रंजन ने कंधे और कोहनी की जटिल सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इसमें शोल्डर रिप्लेसमेंट, आर्थ्रोस्कोपिक रोटेटर कफ रिपेयर, कंधे के बार-बार खिसकने की सर्जरी, एल्बो आर्थ्रोस्कोपी तथा टेनिस एल्बो जैसी जटिल प्रक्रियाएं शामिल थीं।
उन्होंने ऑपरेशन थिएटर में विशेषज्ञों के साथ काम करने के अलावा मरीजों की जांच और उपचार योजना बनाने का भी अनुभव हासिल किया।
जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी डॉ. रवि रंजन वर्तमान में नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया केंद्रीय अस्पताल में वरिष्ठ सर्जन हैं। वे एमबीबीएस में गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं।
इसके अलावा एमएस, डीएनबी, एमआरसीएस (यूके), डीआईपीएस (बेल्जियम) सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय योग्यताएं हासिल कर चुके हैं।
डॉ. रवि रंजन ने कहा कि उनका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित ज्ञान और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से देश के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गृह जिला नालंदा और बिहार में खुशी का माहौल है।