रोहतास के गांव से अमेरिका तक पढ़ाई, अब IIT मुंबई में पढ़ाएंगे किसान के बेटे पल्लव रंजन
रोहतास के बलिया कोठी गांव के पल्लव रंजन ने अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर आईआईटी मुंबई में सहायक प्रोफेसर ...और पढ़ें

माता-पिता के साथ पल्लव रंजन।
HighLights
पल्लव रंजन बने आईआईटी मुंबई में सहायक प्रोफेसर।
अमेरिका में उच्च शिक्षा और शोध के बाद लौटे स्वदेश।
युवाओं को एआई के सही उपयोग का दिया संदेश।
जागरण संवाददाता, इटिमहां नासरीगंज (रोहतास)। गांव की गलियों से निकलकर अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों तक पहुंचना और फिर देश लौटकर आईआईटी मुंबई (IIT Mumbai) में पढ़ाने की जिम्मेदारी संभालना।
बलिया कोठी गांव के पल्लव रंजन ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इटिमहां के बलिया कोठी गांव निवासी किसान पुरुषोत्तम कुमार सिंह और सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षिका प्रतिभा सिंह के पुत्र पल्लव का चयन सिविल इंजीनियरिंग के अंतर्गत ओशन इंजीनियरिंग विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर हुआ है।
करीब दस वर्षों तक अमेरिका में उच्च शिक्षा और शोध करने के बाद उन्होंने स्वदेश लौटकर यह जिम्मेदारी संभाली है।पदभार ग्रहण करने के बाद वह अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने गांव पहुंचे, जहां स्वजनों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
पटना से अमेरिका और फिर IIT मुंबई तक का सफर
पल्लव की प्रारंभिक शिक्षा डीपीएस पटना में हुई। इसके बाद उन्होंने आईआईटी रुड़की से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति मिलने पर वह अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय अर्बाना-शैंपेन पहुंचे। यहां उन्होंने एमटेक की पढ़ाई पूरी की और जल संसाधन तकनीक के क्षेत्र में शोध कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
शिक्षा और शोध के प्रति उनकी रुचि केवल एक विषय तक सीमित नहीं रही। उन्होंने ग्लोबल स्टडीज के अंतर्गत ह्यूमैनिटीज और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अंतर्गत थ्योरिटिकल एंड एप्लाइड मैकेनिक्स का भी अध्ययन किया।
इसके अलावा कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, सैन डिएगो में ओशन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में विशेष अध्ययन किया और कृषि तकनीक से जुड़े विषयों पर शोध किया।
युवाओं को दिया AI के सही इस्तेमाल का संदेश
पल्लव का कहना है कि विदेश में उच्च शिक्षा और शोध का अनुभव हासिल करने के बाद अब वह स्वदेश में रहकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
उन्होंने जिले के प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का है। युवाओं को सोशल मीडिया पर रील देखने में समय गंवाने के बजाय पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने वाले एआई वीडियो व डिजिटल संसाधनों का उपयोग करना चाहिए।
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी माता-पिता ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
किसान पिता और शिक्षिका मां के सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने की प्रेरणा दी। गांव के एक साधारण परिवार से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में शिक्षक बनने तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।