बिहार साइकिलिंग कप में नालंदा का परचम, 2 स्वर्ण सहित 5 पदक जीतकर बनाया रिकॉर्ड
नालंदा ने राज्यस्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का विजेता कप अपने नाम किया, जिसमें खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित पांच पदक जीते।

पुरस्कार से सम्मानित होते खिलाड़ी। फोटो जागरण
HighLights
नालंदा ने राज्यस्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का विजेता कप जीता।
जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित कुल पांच पदक हासिल किए।
रागिनी कुमारी ने दो स्वर्ण जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई।
संवाद सूत्र, हरनौत। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) की राज्यस्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का विजेता कप नालंदा ने अपने नाम किया।
जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित पांच पदक जीतकर राज्यस्तरीय फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। जिला साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव सह प्रबंधक प्रमोद कुमार ने बताया कि ओवरआल पटना प्रमंडल 31.9 स्कोर के साथ 22 जिलों में शीर्ष पर रहा।
सरमेरा प्रखंड के कोतरा निवासी मितलेश प्रसाद की पुत्री सह नौवीं की छात्रा रागिनी कुमारी ने दो स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने प्रमंडल की ओर से 12 किलोमीटर रेस और राज्यस्तरीय मुकाबले में सात किलोमीटर रेस में पहला स्थान हासिल किया।
रागिनी ने नेशनल मैच के लिए राज्यस्तर पर चुने गए 20 खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष स्थान भी पक्का किया। चंडी प्रखंड के कन्हैयागंज की दसवीं की छात्रा सुरुचि कुमारी ने 24 किलोमीटर रेस में तीसरा स्थान पाकर कांस्य पदक जीता। चंडी के खरजमा निवासी अंजली कुमारी व परवलपुर के सोनू कुमार ने भी कांस्य पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता पटना के जेपी गंगा पथ पर आयोजित हुई। प्रमोद कुमार ने कहा कि चारों खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और अनुशासन से यह सफलता पाई है। जिले में साइकिलिंग प्रतिभाओं को सही मंच और मार्गदर्शन देने की जरूरत है।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एक दिसंबर से होने वाली प्रतियोगिता में भी वे दमखम दिखाएंगे।
नालंदा साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव रिंकू कुमारी, कोच अभिषेक कुमार और कुंदन कुमार पांडे, चंडी के रुद्रा फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर के साजन कुमार और पुरुसोत्तम कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
एसोसिएशन ने सहयोग के लिए जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष और चंडी पश्चिमी क्षेत्र की जिला पार्षद पिंकी कुमारी तथा उनके पति, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार की सराहना की।
यह भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट के फैसले: 3 शहरों की 1295 एकड़ जमीन पर लगेंगे उद्योग, ग्राम कचहरी को मिलेगा ज्यादा फंड