नालंदा में पति की शराबखोरी से छलका महिला का दर्द, जीविका दीदियों ने अवैध शराब के खिलाफ छेड़ा अभियान
पति की शराबखोरी से परेशान महिला की व्यथा सुनकर जीविका दीदियों ने गांव में अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा संभाला।

जीविका दीदीयों की बैठक। फोटो जागरण
HighLights
महिला की व्यथा सुन जीविका दीदियों ने संभाला मोर्चा।
अवैध शराब के खिलाफ गांव में चलाया गया अभियान।
पुलिस ने 30 लीटर शराब जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की।
संवाद सूत्र, एकंगरसराय। पति की शराबखोरी से परेशान एक महिला की पीड़ा ने गांव में अवैध शराब के खिलाफ अभियान की चिंगारी जला दी।
नगर पंचायत एकंगरसराय के वार्ड संख्या तीन स्थित बरसियावां गांव में जीविका ग्राम संगठन की बैठक के दौरान जगत बिंद की पत्नी श्यामफुल देवी अपनी व्यथा सुनाते हुए रो पड़ी।
उसने बताया कि उसका पति पिछले एक सप्ताह से लगातार शराब पी रहा है और उसके साथ मारपीट करता है। घर का सामान भी तोड़फोड़ कर बेच दिया है।
महिला की आपबीती सुन बैठक में मौजूद जीविका दीदियों ने गांव में शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए एकजुट होकर पहल करने का निर्णय लिया। इसी क्रम में एक घर से करीब 30 लीटर शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम संगठन की बैठक के दौरान महिला की परेशानी सामने आने के बाद जीविका दीदियों ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की पहल की। ग्रामीणों ने पहले ही तेल्हारा थाने की पुलिस को गांव में शराब बनाने और बेचने की सूचना दी थी।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस गांव पहुंची, लेकिन कोई बरामदगी किए बिना लौट गई। इसके बाद जीविका दीदीयों ने खुद मोर्चा संभालते हुए संदिग्ध घरों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
इस दौरान कुछ घरों में सैकड़ों लीटर शराब मिली, जिसे लोगों ने नष्ट कर दिया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। जीविका दीदियों के सहयोग से पुलिस ने करीब 30 लीटर शराब बरामद कर जब्त कर ली।
शराब कारोबारियों से बढ़ी तनातनी शराब के खिलाफ महिलाओं की इस पहल के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जाता है कि जीविका दीदियों और शराब कारोबारियों के बीच तनातनी चल रही है।
शनिवार की सुबह भी इस मुद्दे को लेकर गांव में विवाद हुआ। ऐसे में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं की मुहिम के बाद गांव का माहौल चर्चा में है।
थानाध्यक्ष ने की प्राथमिकी की पुष्टि तेल्हारा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि जीविका दीदियों के सहयोग से करीब 30 लीटर शराब बरामद कर जब्त की गई है। उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
