विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में नाश्ता परोसने में देरी पर हिंसक बवाल, होटल संचालक पर चाकू से हमला; हिरासत में 2 आरोपी

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:51 AM (IST)

हिलसा के बस स्टैंड स्थित एक होटल में देर रात नाश्ता परोसने में हुई देरी को लेकर जमकर बवाल हो गया।

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. हिलसा होटल में नाश्ता परोसने में देरी पर विवाद।

  2. होटल संचालक से मारपीट, चाकू से हमला करने का आरोप।

  3. पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, जांच जारी।

संवाद सहयोगी, हिलसा। शहर के बस स्टैंड स्थित एक होटल में सोमवार की देर रात नाश्ता परोसने में हुई देरी को लेकर जमकर बवाल हो गया। होटल संचालक के साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला करने का भी आरोप है।

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया। एहतियातन काली स्थान में चल रहे जागरण कार्यक्रम को भी बंद करा दिया गया।

ऑर्डर में देरी पर भड़के आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे दर्जनों युवक बस स्टैंड स्थित होटल में नाश्ता करने पहुंचे। उस समय पहले से भी कई ग्राहक अपने ऑर्डर का इंतजार कर रहे थे।

होटल संचालक धर्मजीत कुमार पहले से बैठे ग्राहकों को नाश्ता परोसने लगे, जिससे कुछ युवक भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और होटल में तोड़फोड़ करते हुए संचालक के साथ मारपीट की। इसी दौरान संचालक पर चाकू से भी हमला किया गया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि होटल से बाहर निकलने के बाद दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। हालांकि, फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जागरण का कार्यक्रम कराया गया बंद

घटना के बाद बस स्टैंड और मेले में अफरातफरी का माहौल बन गया। अनुमंडल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात पर काबू पाया।

किसी प्रकार का तनाव न फैले, इसे देखते हुए मुख्य सड़क स्थित काली स्थान में चल रहे जागरण कार्यक्रम को भी बंद करा दिया गया।

हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि होटल में मारपीट की घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, उन्होंने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी: किस्त के विवाद में 22 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या, पति के दोस्त ने मायके पहुंचकर घोंपा चाकू 

यह भी पढ़ें- मोतिहारी के साई मंदिर से 10 किलो चांदी का छत्र और दानपात्र चोरी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस