मोतिहारी के साई मंदिर से 10 किलो चांदी का छत्र और दानपात्र चोरी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मोतिहारी के मिसकौट मोहल्ला स्थित साई मंदिर से अज्ञात चोरों ने मंगलवार मध्यरात्रि चांदी का छत्र और दानपात्र समेत अन्य सामान चुरा लिया।

साईं मंदिर। फोटो जागरण
HighLights
मोतिहारी साई मंदिर से चांदी का छत्र चोरी।
दानपात्र समेत अन्य सामान भी ले गए चोर।
पुलिस से जांच और बरामदगी की मांग।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी। शहर के मिसकौट मोहल्ला स्थित साई मंदिर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चांदी का छत्र, दानपात्र समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
चोरी गए चांदी के छत्र का वजन करीब आठ से दस किलोग्राम बताया जा रहा है। घटना के संबंध में नगर थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, मंगलवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया और सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है। मंदिर में चांदी के छत्र और दानपात्र की चोरी से धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
आवेदन में पुलिस से घटना की जांच करने, चोरी में शामिल अज्ञात चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। अब पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
