हिलसा में पूर्व RJD विधायक शक्ति सिंह यादव के बंद घर का ताला तोड़कर चोरी, गोदरेज-अलमारी भी खंगाली
हिलसा में पूर्व विधायक और राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के बंद घर में लाखों रुपये के सामान की चोरी हुई है। एसडीपीओ और एसडीओ आवास के करीब हुई इस घटना से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं।

चोरी की घटना के बाद छानबीन करने पहुंचे पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव के घर में चोरी।
एसडीपीओ-एसडीओ आवास के पास हुई घटना से सनसनी।
पुलिस मामले की जांच कर चोरों की तलाश में।
संवाद सहयोगी, हिलसा (नालंदा)। हिलसा शहर में पूर्व विधायक सह राजद के मुख्य प्रवक्ता अत्रि मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान की चोरी की घटना सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। चोरी की घटना से शहर में सनसनी फैल गई है।
बताया गया है कि पूर्व विधायक का घर SDPO सुनील कुमार सिंह एवं SDO अमित कुमार पटेल के सरकारी आवास से करीब एक सौ गज की दूरी पर स्थित है।
एसडीओ आवास के पास है पूर्व विधायक का घर
चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के भीतर गोदरेज और अलमारी को तोड़कर सामान खंगाला गया।
घर में रखे कीमती सामान चोरी कर लिए जाने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलने पर हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया।
फिलहाल घर के दरवाजे पर दोबारा ताला लगाकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चोरी गए सामानों की वास्तविक कीमत और संख्या का पता नहीं चल पाया है।
गृहस्वामी के पहुंचने पर पता चलेगा, क्या ले गए चोर
पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। उनके आने के बाद ही चोरी गए सामानों का आकलन किए जाने की संभावना है।
अनुमंडल के वरीय अधिकारियों के आवास के इतने करीब बंद घर में चोरी की घटना होने से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों की पहचान करने में जुटी है।