विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अफसरों के आवास के पास भी RJD नेता का घर सुरक्षित नहीं! शक्ति सिंह यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:54 AM (IST)

नालंदा के हिलसा में राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के पैतृक आवास में चोरी की घटना सामने आई है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे भीषण डकैती बताया और राज्य की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई।

वीड‍ियो जारी कर शक्‍त‍ि स‍िंह यादव ने कानून व्‍यवस्‍था पर उठाए सवाल। वीड‍ियो ग्रैब

वीड‍ियो जारी कर शक्‍त‍ि स‍िंह यादव ने कानून व्‍यवस्‍था पर उठाए सवाल। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के हिलसा स्थित घर में चोरी।

  2. अपराधियों ने सीसीटीवी सेटअप उखाड़ा, घंटों तक की तोड़फोड़।

  3. शक्ति सिंह यादव ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल।

डिजिटल डेस्क, पटना। नालंदा के हिलसा में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के पैतृक आवास में चोरी की घटना सामने आई है।

मंगलवार रात अपराधियों ने उनके घर को निशाना बनाया। शक्ति सिंह यादव ने इस घटना को भीषण डकैती बताते हुए पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अनुमंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के आवास के ठीक सामने मुख्य सड़क पर स्थित उनके घर में अपराधी तीन से चार घंटे तक उत्पात मचाते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

शक्ति सिंह यादव ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हिलसा स्थित उनका निजी आवास बीच बाजार में मुख्य सड़क पर है।

घर के ठीक बगल और सामने एसडीओ, डीएसपी और न्यायिक अधिकारी का सरकारी आवास है। इसके बावजूद अपराधियों ने रात में घर में घुसकर पूरे मकान को खंगाल डाला।

घर में तोड़फोड़, CCTV का पूरा सेटअप उखाड़ ले गए अपराधी

RJD प्रवक्ता के अनुसार, अपराधियों ने घर में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे की मशीन और पूरा सेटअप भी उखाड़कर ले गए।

उनका दावा है कि घर की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि अपराधियों ने तीन से चार घंटे तक इत्मीनान से पूरे मकान की तलाशी ली।

उन्होंने कहा कि घटना के वक्त घर के भीतर कोई सोया हुआ नहीं था। अगर कोई मौजूद होता तो अपराधी उसके साथ गंभीर वारदात भी कर सकते थे।

पुलिस गश्ती पर उठाए सवाल, सरकार को घेरा

शक्ति सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने स्थानीय थाने और वरीय पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है। घटना को लेकर शक्ति सिंह यादव ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने पूछा कि जब अनुमंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के आवास आसपास हैं और घर मुख्य सड़क पर स्थित है, तब अपराधी इतनी देर तक वारदात को कैसे अंजाम देते रहे? रात्रि गश्ती दल कहां था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे?

RJD नेता ने इसे पुलिस-प्रशासन की लापरवाही बताते हुए राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का भय खत्म हो गया है।

उनका कहना है कि जब अधिकारियों के आवास के सामने पूर्व विधायक और RJD के मुख्य प्रवक्ता का घर सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

शक्ति सिंह यादव ने सरकार से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर आत्ममंथन करने की बात कही। फिलहाल घटना में कितनी संपत्ति की चोरी हुई है और अपराधियों ने किन-किन सामानों को निशाना बनाया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।