विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के बाजार में 'खचिया' ने बिगाड़ा बजट! 70 रुपये में मिलने वाला बट्टा अब ₹230 के पार, सूप भी हुआ दोगुना महंगा

Published: Sat, 14 Nov 2026 03:33 PM (GMT+05:30)

नालंदा में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है, लेकिन पूजा सामग्री की बढ़ती कीमतों ने श्रद्धालुओं का बजट बिगाड़ दिया है।

छठ के बाजार में खचिया ने बिगाड़ा बजट

छठ के बाजार में खचिया ने बिगाड़ा बजट

HighLights

  1. नालंदा में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू हो गया।

  2. खचिया और सूप सहित पूजा सामग्री के दाम दोगुने हुए।

  3. महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और श्रद्धा बरकरार।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा में लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गई। सुबह से ही छठव्रती पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य की उपासना में जुट गए हैं। 

वहीं शाम होते ही खरना, लोहंडा और आने वाले दिनों में भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। लेकिन इस बार छठ महापर्व पर आस्था के साथ महंगाई की भी बड़ी परीक्षा है। 

छठव्रतियों का बजट बिगड़ता नजर आ रहा

बाजार में छठ पूजा की सामग्री खरीदने पहुंचे श्रद्धालुओं को बढ़े हुए दामों ने परेशान कर दिया है। सूप, खचिया, दउरा और मिट्टी के बर्तनों की कीमतों में बढ़ोतरी से छठव्रतियों का बजट बिगड़ता नजर आ रहा है।

खरीदारी कर रहे श्रद्धालु अनुज कुमार, शुभम कुमार आदि ने बताया कि इस बार महंगाई चरम पर है। पहले जिस खचिया यानी बट्टा को 70 से 80 रुपये में खरीदते थे, उसकी कीमत अब 230 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं 30 से 40 रुपये में मिलने वाला सूप अब 80 से 90 रुपये में बिक रहा है। इसके बावजूद छठ महापर्व हमारी आस्था का प्रतीक है और इसे पूरी श्रद्धा के साथ मनाना है।

वहीं छठ पूजा सामग्री के दुकानदार चंदन कुमार और मुकेश कुमार ने बताया कि बाजार में पूजा सामग्री की कीमतें इस प्रकार हैं। खचिया यानी बट्टा 120 से 250 रुपये, सूप 70 से 90 रुपये, नारियल 35 से 50 रुपये, मिट्टी का चूल्हा करीब 120 रुपये प्रति किलो, झंझाड़ 50 से 60 रुपये, सच्चा 40 से 50 रुपये और दउरा 250 से 450 रुपये तक बिक रहा है।

मिट्टी का चूल्हा 120 से 150 रुपये

वहीं मिट्टी के बर्तनों की दुकान चला रहे दुकानदार आयुष कुमार ने बताया कि मिट्टी का चूल्हा 120 से 150 रुपये, हड़िया 50 से 250 रुपये, मिट्टी का तवा 60 से 70 रुपये, परिया 10 से 40 रुपये, चुका 5 रुपये, कपटी 5 रुपये और दीया 1 से 15 रुपये तक बिक रहा है।

कुल मिलाकर नालंदा के बाजारों में छठ पूजा की खरीदारी को लेकर रौनक तो दिखाई दे रही है, लेकिन महंगाई ने आम श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें- छठ महापर्व पर गन्ने की मिठास पड़ी महंगी! झारखंड से आ रहे मोटे गन्ने ने बिगाड़ा बजट, ₹400 में मिल रहे 20 पीस


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।