छठ महापर्व पर प्रसाद की पवित्रता का रखा जाता है ख्याल, मिट्टी के चूल्हे को अंतिम आकार देने में जुटे व्रती
बिहार में Chhath Puja 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां व्रती श्रद्धा और पवित्रता से प्रसाद बनाने के लिए ...और पढ़ें
-1794392256476_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सरमेरा में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं।
प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे को अंतिम रूप।
व्रती श्रद्धा और पवित्रता से तैयारियों में जुटी हैं।
संवाद सूत्र, सरमेरा। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व Chhath Puja 2026 को लेकर सरमेरा प्रखंड क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों से लेकर बाजारों तक छठ की रौनक दिखने लगी है।
छठ व्रती पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पवित्रता के साथ पर्व की तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को व्रतियों ने छठ का प्रसाद तैयार करने के लिए मिट्टी के चूल्हे को अंतिम रूप दिया।
कोई मिट्टी के चूल्हे की लिपाई-पुताई में जुटा था, तो कोई उसे धूप में सुखाकर प्रसाद बनाने के लिए तैयार कर रहा था। छठ पूजा में मिट्टी के चूल्हे का विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है।
इसी चूल्हे पर पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य को अर्पित किए जाने वाले ठेकुआ, कसार सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं।
चूल्हा तैयार करने के लिए मिट्टी और पानी का इस्तेमाल किया जाता है। निर्माण के बाद उसकी अच्छी तरह लिपाई-पुताई कर उसे सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि प्रसाद बनाते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस पूरी प्रक्रिया में व्रती विशेष सावधानी बरतती हैं और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखती हैं। छठ व्रतियों का कहना है कि यह महापर्व शुद्धता, संयम और अटूट आस्था का प्रतीक है। इसलिए प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजा की अन्य व्यवस्थाओं तक हर कार्य पूरी पवित्रता के साथ किया जाता है।
चूल्हा बनाने और अन्य तैयारियों में परिवार के सदस्य भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। छठ महापर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ने लगी है। पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, फल, सूप, दउरा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की तैयारी शुरू हो गई है।
वहीं, घरों में साफ-सफाई और पूजा स्थलों को व्यवस्थित करने का काम भी तेजी से चल रहा है। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय वातावरण से पूरा क्षेत्र छठमय होने लगा है। आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति के इस अनुपम संगम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।