एक फोन कॉल ने ले ली जान: नागालैंड से दीवाली मनाने घर आए ट्रक मालिक की साहेबगंज में गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरपुर में एक युवक छोटेलाल कुमार की घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मौके पर जुटी पुलिस। (जागरण)
HighLights
साहेबगंज में युवक छोटेलाल कुमार की गोली मारकर हत्या।
बदमाशों ने घर से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने जांच शुरू की, मोबाइल फोन जब्त किया।
संवाद सहयोगी, साहेबगंज (मुजफ्फरपुर)। थाना क्षेत्र के माधोपुर हजारी स्थित पांच भंवारी पुल के पास शुक्रवार की शाम बदमाशों ने घर से बुलाकर एक युवक की गोली मार हत्या कर दी।
युवक के सिर में दो गोली लगी थी। उसकी बाइक भी पुल के नीचे गिरी पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है, हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
बताया जाता है कि माधोपुर हजारी वार्ड दो निवासी गिरधारी राय का पुत्र छोटेलाल कुमार (23 वर्ष) नागालैंड के दीमापुर में रहकर खुद का ट्रक चलाता था।
दीपावली के अवसर पर वह 10 दिनों पूर्व गांव आया था। स्वजन के अनुसार शाम करीब पांच बजे मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। इसके बाद छोटेलाल बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था।
महज एक घंटे के बाद उसे गोली मार दिए जाने की खबर मिली। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, किंतु डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घर से घटनास्थल की दूरी एक किमी से भी कम होगी।
जेब से मिला मोबाइल फोन, कॉल डिटेल पर नजर
इस बीच सूचना मिलते ही सरैया डीएसपी अभिजीत कौर और साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके बाद एफएसएल की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया युवक को दो गोली लगने की बात सामने आई है। युवक की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया है।
बताया जाता है कि छोटेलाल चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा और अविवाहित था। उसके पिता किसान हैं। छोटेलाल समेत दो भाई नागालैंड में रहते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। मृतक के स्वजन ने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। हत्या कार कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। काल डिटेल से भी महव्पूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर नजर रख रही है।
अभिजीत कौर, एसडीपीओ, सरैया।