Whatsapp Web इस्तेमाल करने वाले हों जाएं सावधान! छोटी सी गलती पड़ सकती है भारी; साइबर यूनिट की एडवाइजरी
साइबर यूनिट ने वाट्सएप वेब के सुरक्षित उपयोग के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लॉग-इन सेशन के गलत इस्तेमाल से होने वाली धोखाधड़ी और अनधिकृत पहुंच के खतरों के प्रति आगाह किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
लॉग-इन वाट्सएप वेब सेशन से अनधिकृत पहुंच का खतरा।
साइबर यूनिट ने सुरक्षित उपयोग के लिए एडवाइजरी जारी की।
सार्वजनिक कंप्यूटर पर मैन्युअल लॉग-आउट करना अनिवार्य।
आकाश कुमार, मुजफ्फरपुर। कुछ खास परिस्थितियों में लॉग-इन किए गए वाट्सएप वेब सेशन का गलत उपयोग करके किसी यूजर के वाट्सएप अकाउंट तक बिना अनुमति के पहुंच बनाई जा सकती है।
इस तरह की अनधिकृत पहुंच से साइबर बदमाश मैसेज पढ़ सकता है, पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भेज सकता है।
कान्टैक्ट्स और ग्रुप बातचीत तक पहुंच सकता है और अकाउंट होल्डर की पहचान का गलत इस्तेमाल करके धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल इंजीनियरिंग या अन्य हानिकारक गतिविधियों को अंजाम दे सकता है।
साइबर यूनिट ने जारी की एडवाइजरी
इसको लेकर साइबर यूनिट ने वाट्सएप वेब के सुरक्षित उपयोग को लेकर एडवाइजरी जारी किया गया है।
इसमें कहा है कि उपयोगकर्ता कार्यालयीन कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर या ऐसे उपकरणों पर वाट्सएप वेब का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें।
सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय या अन्य संवेदनशील जानकारियों का आदान-प्रदान कंप्यूटर पर वाट्सएप वेब सत्र के जरिए न करने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही वाट्सएप वेब को स्थायी रूप से लॉग -इन न रखने, विशेषकर कार्यालय या साझा कंप्यूटरों पर इसे खुला न छोड़ने और काम पूरा होने के बाद मैन्युअल रूप से लॉग -आउट करने की आदत अपनाने पर जोर दिया गया है। स्पष्ट किया गया है कि केवल ब्राउजर विंडो या टैब बंद कर देने को लॉग-आउट नहीं माना जाना चाहिए।
वाट्सएप वेब का अस्थायी उपयोग अनिवार्य हो तो विश्वसनीय कंप्यूटर पर इंक्राग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का उपयोग करने और ब्राउजर बंद करने से पहले मैन्युअल रूप से लॉग -आउट करने का निर्देश दिया गया है।
साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या अन्य अविश्वसनीय सिस्टम पर वाट्सएप वेब में लॉग -इन न करने की हिदायत दी गई है।
इसके अलावा खाते से भेजे गए अप्रत्याशित संदेशों, संपर्कों से आए असामान्य उत्तरों या अस्पष्ट गतिविधियों को गंभीरता से लेने तथा ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा साफ्टवेयर को अपडेट रखते हुए संदिग्ध डाउनलोड, अज्ञात फाइलों, क्रैक्ड साफ्टवेयर और अविश्वसनीय स्रोतों से बचने को कहा गया है।