वैशाली में 5 स्टार होटल का प्लान कैंसिल, अब 5 एकड़ में बनेगा लग्जरी रिजॉर्ट; सैलानियों को मिलेगा खास अनुभव
वैशाली में अब पांच सितारा होटल की जगह रिजॉर्ट बनाया जाएगा, जिसकी संशोधित स्वीकृति पर्यटन विभाग ने दी है। यह ...और पढ़ें

वैशाली में अब होटल की जगह बनेगा पांच सितारा रिजॉर्ट (AI Generated Image)
HighLights
वैशाली में पांच सितारा होटल की जगह रिजॉर्ट बनेगा।
पर्यटन विभाग ने संशोधित योजना को दी है स्वीकृति।
रिजॉर्ट पर्यटकों को बेहतर अनुभव और सांस्कृतिक आयोजन देगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। वैशाली में अब होटल की जगह पांच सितारा रिजॉर्ट बनाया जाएगा। होटल बनाने की योजना फिलहाल रोक दी गई है। वर्ष 2025 में ही मंत्रिपरिषद की बैठक में इसकी स्वीकृति दी गई थी। अब पर्यटन विभाग ने संकल्प जारी करते हुए संशोधित स्वीकृति दी है।
इससे तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त को भी अवगत कराया गया है। पर्यटन विभाग के सचिव ने संकल्प पत्र जारी कर इसे बिहार राजपत्र के असाधारण अंक में भी प्रकाशित करने को कहा है।
बताया गया कि वैशाली में 10 एकड़ भूमि पर पांच सितारा होटल बनाने की स्वीकृति दी गई है। अब इसमें संशोधन करते हुए पांच एकड़ भूमि पर पांच सितारा रिजॉर्ट निर्माण को उपयोगी बताया गया है।
कहा गया कि होटल निर्माण की अपेक्षा रिजॉर्ट एक बेहतर विकल्प है, जो पर्यटकों को यात्रा भ्रमण का विशेष अनुभव करा सकेगा। इसका तुलनात्मक उदाहरण देते हुए बताया गया कि होटल मुख्यतः उच्च स्तरीय आवास, आतिथ्य व व्यावसायिक सुविधाओं पर केंद्रित होता है।
वहीं, रिजॉर्ट पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण आवासन की सुविधा के साथ प्राकृतिक व मनोरम परिवेश में विश्राम, मनोरंजन, विभिन्न सामाजिक आयोजन, आउटडोर व अवकाश संबंधित गतिविधियों तथा विविध पर्यटन अनुभवों की समेकित सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
पर्यटक सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि अनुभव करने आते:
बताया गया कि वैशाली में पर्यटक सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि इसे जानने, समझने व अनुभव करने आते हैं। यह भगवान महावीर की जन्मभूमि और भगवान बुद्ध की कर्मभूमि है।
अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप, अभिषेक पुष्करणी, विश्व शांति स्तूप पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हर साल यहां हजारों देसी-विदेशी पर्यटक आते हैं, लेकिन ठहरने की अच्छी व्यवस्था नहीं थी। इसे देखते हुए पर्यटन विभाग ने पांच सितारा रिजॉर्ट बनाने का निर्णय लिया है।
सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे:
पांच सितारा रिजॉर्ट में सिर्फ कमरा नहीं होगा, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, बिहार के स्वादिष्ट व्यंजन की भी व्यवस्था रहेगी। इससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। बोधगया, नालंदा व राजगीर की तरह वैशाली भी बड़े पर्यटन सर्किट में शामिल होगा। बौद्ध सर्किट में भी वैशाली की स्थिति मजबूत होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।