विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में डेढ़ साल का इंतजार खत्म, SKMCH के सुपर स्पेशियलिटी भवन में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड जांच

Published: Sat, 28 Nov 2026 04:26 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में डेढ़ साल के इंतजार के बाद सुपर स्पेशियलिटी भवन में अल्ट्रासाउंड जांच सेवा शुरू हो गई है। इससे मरीजों को लंबी कतारों और तारीखों के इंतजार से राहत मिलेगी।

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी भवन में अल्ट्रासाउंड जांच शुरू। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी भवन में अल्ट्रासाउंड जांच शुरू। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. एसकेएमसीएच में डेढ़ साल बाद अल्ट्रासाउंड जांच शुरू हुई।

  2. सुपर स्पेशियलिटी भवन में मरीजों को निशुल्क जांच सुविधा मिलेगी।

  3. पुराने केंद्र पर मरीजों का दबाव कम होगा, राहत मिलेगी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। एसकेएमसीएच में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को अब लंबी कतारों और तारीखों के इंतजार से राहत मिलेगी। करीब डेढ़ वर्ष से जिस सुविधा का इंतजार हो रहा था, वह शुक्रवार से शुरू हो गई।

अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी भवन में अल्ट्रासाउंड जांच शुरू होने से दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब चिकित्सक की सलाह के बाद मरीज इसी भवन में निशुल्क जांच करा सकेंगे।

पुराने केंद्र पर घटेगा मरीजों का दबाव

अस्पताल अधीक्षक डा. महेश प्रसाद ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी भवन में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से पुराने भवन स्थित केंद्र पर मरीजों का दबाव कम होगा।

अभी वहां प्रतिदिन करीब 60 से 70 मरीजों की भीड़ रहती थी। नई सुविधा शुरू होने से पुराने केंद्र पर मरीजों का लोड कम होगा। इससे जांच के लिए घंटों कतार में खड़े रहने और एक-दो दिन बाद की तारीख मिलने की समस्या से राहत मिलेगी।

चिकित्सक की सलाह पर निशुल्क जांच

सुपर स्पेशियलिटी भवन में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। चिकित्सक की सलाह के बाद मरीज यहां जांच करा सकेंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।

एमसीएच में भी शुरू होगी सुविधा

मरीजों की सुविधा को देखते हुए मातृ एवं शिशु अस्पताल (एमसीएच) में भी अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

वहां अलग से जांच केंद्र शुरू होने पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को अल्ट्रासाउंड के लिए दूसरे भवनों में भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि मरीजों को एक ही परिसर में जरूरी जांच की सुविधा उपलब्ध हो सके।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में जमीन रजिस्ट्री की नई व्यवस्था लागू, 10 नगर निकायों में भी नए सिरे से दर तय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।