पूर्वी चंपारण में अंतरप्रांतीय झपटमार गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, नेपाल के एक कर्मचारी का सेलफोन छीन भाग रहे थे
मोतिहारी शहर के छतौनी चौक पर नेपाल के एक कर्मचारी का सेलफोन छीन कर भाग रहे अंतरप्रांतीय झपटमार गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से सेलफोन भी जब्त कर लिया। दोनों बदमाश झारखंड के साहेबगंज जिले के निवासी।
पूर्वी चंपारण, जागरण संवाददाता। मोतिहारी शहर के छतौनी चौक पर नेपाल के एक कर्मचारी का सेलफोन छीन कर भाग रहे अंतरप्रांतीय झपटमार गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से सेलफोन भी जब्त कर लिया। रविवार को पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छतौनी थाने के पुलिस निरीक्षक नित्यानंद चौहान ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में झारखंड के साहेबगंज जिले के तीन पहाड़ निवासी रोहित कुमार और विशाल महतो शामिल हैं।
बताया कि नेपाल के गड़ीमाई चंपापुर वार्ड दो निवासी सरकारी कर्मचारी कामेश्वर सहनी किसी काम से साले के साथ मोतिहारी आए थे। वे छतौनी बस पड़ाव के पास मोबाइल से बात कर रहे थे। इसी दौरान दोनों बदमाश सेलफोन छीनकर भाग निकले। सूचना के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की। शनिवार रात दोनों बदमाश छतौनी चौक पर घूम रहे थे। पीडि़त की पहचान पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बाबत नेपाली कर्मचारी के साला लखौरा निवासी पवन कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों ने पूछताछ में गिरोह के कई बदमाशों के नाम भी बताए। वे छतौनी के एक लॉज में रहकर घटना को अंजाम देतेे थे। दोनों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के अन्य बदमाश लॉज छोड़कर भाग निकले।