'सेवा संकल्प' से जुड़े लोगों की पैतृक संपत्ति भी जांच के घेरे में
अगली कड़ी में संस्था के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष व सदस्यों की पैतृक संपत्ति की भी जांच की जाएगी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बालिका गृह कांड को लेकर एनजीओ सेवा संकल्प व विकास समिति से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसता जा रहा है। इसकी अगली कड़ी में संस्था के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष व सदस्यों की पैतृक संपत्ति भी जांच के घेरे में आ गई है। अपर समाहर्ता डॉ. रंगनाथ चौधरी ने अंचलाधिकारियों को दो दिनों में सभी की पैतृक संपत्ति का ब्योरा देने का निर्देश दिया है।
मालूम हो कि संस्था से जुड़े इन सभी लोगों की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई चल रही। डीएम मो. सोहैल के कोर्ट में सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब गुरुवार को मामले की सुनवाई होगी।
इन लोगों की पैतृक संपत्ति का मांगा गया ब्योरा
संजय कुमार सिंह - अध्यक्ष, रमेश कुमार - सचिव, प्रयागनाथ तिवारी - कोषाध्यक्ष। किरण पोद्दार, संजीता कुमारी, डॉ. आशा ठाकुर व संगीता सुभाषिणी - सभी सदस्य।
इन संपत्तियों को जब्त करने की चल रही कार्रवाई
- साहू रोड में 12 धूर जमीन व इसमें बना दो मंजिला मकान। सेवा संकल्प के सचिव रमेश कुमार के नाम से जमीन की जमाबंदी।
- ब्रजेश ठाकुर द्वारा रमेश कुमार को किराए पर दिया गया 15 कमरे का मकान। 4400 वर्गफीट में बना यह मकान वार्ड 22 में है।
- संस्था की सदस्य संगीता गुप्ता (पति- अनिल कुमार) की गोबरसही स्थित दो डिसमिल जमीन।
- अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की गोबरसही स्थित 2128 वर्गफीट (4.83 डिसमिल जमीन)
- संस्था की सदस्य व ब्रजेश ठाकुर की पत्नी डॉ. आशा कुमारी के नाम से हरिशंकर मनियारी में आठ जमीन के प्लॉट।
वाहन
- आशा देवी के नाम से एक वाहन
- रमेश कुमार के नाम की सात गाड़ी
- संजय के नाम के दो वाहन
- संस्था के कोषाध्यक्ष प्रयागनाथ तिवारी उर्फ मुन्ना के नाम के 15 वाहन
- संगीता के नाम की पांच गाडिय़ां।