विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SKMCH में इमरजेंसी ड्यूटी से गायब मिले 4 डॉक्टर, अधीक्षक ने जारी किया सैलरी काटने का नोटिस

Published: Tue, 13 Oct 2026 02:23 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में अधीक्षक के औचक निरीक्षण में चार डॉक्टर इमरजेंसी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।

श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (फाइल फोटो)

श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एसकेएमसीएच में 4 डॉक्टर इमरजेंसी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।

  2. अधीक्षक ने अनुपस्थित डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस दिया।

  3. लापरवाही के लिए वेतन काटने का भी निर्देश जारी हुआ।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की मनमानी और लापरवाही थम नहीं रही है। अधीक्षक डॉ.महेश प्रसाद के औचक निरीक्षण में चार चिकित्सक ड्यूटी स्थल पर नहीं मिले। इनमें दो सीनियर व दो जूनियर रेजिडेंट शामिल हैं। 

इमरजेंसी में मरीजों के इलाज में लापरवाही पर अधीक्षक ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित चिकित्सक को काल की, लेकिन रिसीव नहीं की गई। इसपर अधीक्षक ने चारों चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही उनका वेतन काटने का भी निर्देश अधीक्षक ने दिया है।

चिकित्सक इमरजेंसी ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित 

बताते हैं कि इमरजेंसी वार्ड में रोस्टर ड्यूटी के तहत कान, नाक व गला विभाग सीनियर रेजिडेंट डॉ.दिव्या भारती, हड्डी रोग विभाग के डॉ.निशांत कुमार के साथ ही जूनियर रेजिडेंट डॉ.इमरान अंसारी व सर्जरी विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉ.वेद भूषण की ड्यूटी थी। 

अधीक्षक को कान, नाक, गला के साथ आंख विभाग के चिकित्सक इमरजेंसी ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत मिली थी। अधीक्षक ने सुबह साढ़े ग्यारह बजे इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। कान, नाक, गला, हड्डी व सर्जरी विभाग के चिकित्सकों के नहीं मिलने पर संबंधित विभागाध्यक्ष की कार्य भूमिका पर भी सवाल उठाए। 

विभागाध्यक्ष भी विभाग व मरीजों के प्रति गंभीर नहीं

कहा कि इन सभी नदारद चिकित्सकों की पूरी रिपोर्ट विभागाध्यक्षों से भी मांगी जा रही है। कहा, ड्यूटी स्थल से चिकित्सकों का इस तरह नहीं रहना दर्शाता है कि विभागाध्यक्ष भी विभाग व मरीजों के प्रति गंभीर नहीं हैं। 

विभाग की मॉनिटरिंग में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मालूम हो कि इमरजेंसी वार्ड में दूर-दराज से आने वाले गंभीर मरीजों को चिकित्सक के न रहने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बदलेेगी व्यवस्था, प्लेटफार्म एक के 3 हॉल में यात्रियों के ठहरने की होगी सुविधा