विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Sapt Kranti Express को दरभंगा से चलाने की तैयारी का चंपारण में भी विरोध, यात्री परेशान

Published: Fri, 10 Apr 2026 02:49 PM (IST)

सप्तक्रांति एक्सप्रेस को दरभंगा से चलाने की तैयारी का मुजफ्फरपुर और चंपारण में कड़ा विरोध हो रहा है। सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने इसे चंपारण के यात्रियों के लिए असुविधाजनक बताया है, क्योंकि इससे आरक्षित सीटों की उपलब्धता और यात्रा समय प्रभावित होगा।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर से चंपारण होते हुए आनंद विहार (दिल्ली) जाने वाली गाड़ी संख्या 12557-12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस को दरभंगा से चलाने की तैयारी पर राजनीतिक विरोध तेज गया है। पहले ही उत्तर बिहार के कई जिलों में इस फैसले को लेकर नाराजगी सामने आ चुकी है, वहीं अब इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी ले लिया।

पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए साफ कहा है कि वे किसी भी सूरत में ट्रेन के मार्ग विस्तार के निर्णय को लागू नहीं होने देंगे।

उन्होंने चंपारण के यात्रियों की चिंताओं को उठाते हुए कहा कि दरभंगा से लगभग उसी समय बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दिल्ली के लिए रवाना होती है। ऐसे में सप्तक्रांति एक्सप्रेस को भी दरभंगा तक आगे बढ़ाने का तर्क समझ से परे है।

'चंपारण के यात्रियों को होगी परेशानी'

सांसद ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा कि यदि ट्रेन को दरभंगा से चलाया गया तो चंपारण के यात्रियों को भारी परेशानी होगी। इससे आरक्षित सीटों की उपलब्धता और यात्रा समय दोनों प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि चंपारण की जनता के हितों के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इधर स्थानीय लोगों का भी कहना है कि सप्तक्रांति एक्सप्रेस चंपारण की लाइफलाइन है। दिल्ली जाने वाले मजदूरों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की यह प्रमुख ट्रेन है। ऐसे में इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करना उत्तर बिहार के यात्रियों के साथ अन्याय होगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया और बगहा सहित उत्तर बिहार के कई इलाकों में इस प्रस्ताव को लेकर विरोध जताया गया था।

लोगों का कहना था कि ट्रेन मुजफ्फरपुर से खुलने के कारण उन्हें जनरल डिब्बों में सीट मिलने की संभावना रहती है, जबकि दरभंगा से चलने पर भीड़ बढ़ने से परेशानी और बढ़ जाएगी। ट्रेन के संभावित मार्ग विस्तार को लेकर अब यात्रियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों का विरोध भी तेज हो गया है, जिससे मामला और गरमाता जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सप्तक्रांति एक्सप्रेस विस्तार पर सियासी घमासान, चंपारण के यात्रियों के लिए सांसद ने उठाई आवाज

यह भी पढ़ें- 'दरभंगा से नहीं चलने दूंगा सप्तक्रांति एक्सप्रेस', BJP सांसद ने फेसबुक पर क्यों लिख दी ये बात?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।