'दरभंगा से नहीं चलने दूंगा सप्तक्रांति एक्सप्रेस', BJP सांसद ने फेसबुक पर क्यों लिख दी ये बात?
सांसद संजय जायसवाल ने सप्तक्रांति एक्सप्रेस को दरभंगा तक बढ़ाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि इससे चंपारण के यात्रियों को असुविधा होगी, क्योंकि दरभंगा से पहले ही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दिल्ली जाती है।

दरभंगा से नहीं चलने दूंगा सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन: संजय जायवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बेतिया। सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन (Saptkranti Express Train) के दरभंगा तक विस्तार होने की चर्चा के बीच पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल (BJP MP Sanjay Jaiswal) के फेसबुक पोस्ट से चंपारण के लोगों में उम्मीद की एक किरण जगी है।
सांसद ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा है कि अभी वे पिछले 12 दिनों से बंगाल में हैं। बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक दिन बाद प्रधानमंत्री का कार्यक्रम है।
'प्रधानमंत्री और रेल मंत्री जनता की आकांक्षाओं का ध्यान रखेंगे'
उन्होंने कहा है कि सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन को लेकर जो भी निर्णय हुआ है, वे निश्चित रूप से इसे लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव जन नेता हैं और जनता की आकांक्षाओं का सदैव ध्यान रखते हैं।
'मैं इसे लागू नहीं होने दूंगा'
बकौल जायसवाल, दरभंगा से लगभग उसी समय संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली के लिए चलती है। ऐसे में यहां से दूसरी ट्रेन सप्तक्रांति एक्सप्रेस को दरभंगा तक आगे बढ़ाने से चंपारण के यात्रियों को बहुत परेशानी होगी। सांसद ने साफ साफ कहा है कि मैं इसे लागू होने नहीं दूंगा।
बता दें कि गुरुवार को संजय जायसवाल ने मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगा जिला अंतर्गत खरग्राम विधानसभा के गनफुल ग्राम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्री आदित्य मल्लिक जी के आवास पर संगठनात्मक बैठक को संबोधित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण एवं आगामी चुनाव की रणनीतिक रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।