विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में हाईवे पर फंसे तो नहीं होगी परेशानी, एक स्कैन में मिलेगा अस्पताल से अधिकारी तक का नंबर

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:37 PM (GMT+05:30)

एनएचएआइ ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए क्यूआर कोड वाले बोर्ड लगाए हैं। इन कोड ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर-हाजीपुर बाइपास पर लगा क्यूआर कोड। जागरण

मुजफ्फरपुर-हाजीपुर बाइपास पर लगा क्यूआर कोड। जागरण

HighLights

  1. क्यूआर कोड से मिलेगी अस्पताल, होटल और स्कूलों की जानकारी।

  2. एनएचएआइ अधिकारियों, टोल और पुलिस के नंबर उपलब्ध होंगे।

  3. सड़क परियोजना विवरण और अगले टोल की दूरी भी जानें।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर के दौरान अचानक वाहन खराब हो जाए, दुर्घटना हो जाए या किसी आपात स्थिति में अस्पताल की जरूरत पड़े तो अब भटकने की जरूरत नहीं होगी।

मोबाइल से एक क्यूआर कोड स्कैन करते ही आसपास की जरूरी सुविधाओं से लेकर संबंधित अधिकारियों तक के मोबाइल नंबर सामने आ जाएंगे।

एनएचएआइ ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर क्यूआर कोड वाले बड़े-बड़े बोर्ड लगाए हैं। खास बात यह है कि इन बोर्डों से सड़क परियोजना की पूरी जानकारी भी घर बैठे की तरह मौके पर ही मिल सकेगी।

एक स्कैन में परियोजना का पूरा ब्योरा

क्यूआर कोड स्कैन करते ही सबसे पहले संबंधित सड़क परियोजना का नाम, उसकी कुल लंबाई, निर्माण लागत और काम की वर्तमान स्थिति की जानकारी मिलेगी। परियोजना का काम कब शुरू हुआ और कब पूरा हुआ, इसका भी पूरा विवरण उपलब्ध रहेगा। इससे यात्री सड़क निर्माण से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

अस्पताल से होटल तक की जानकारी

इस व्यवस्था में यात्रियों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर आसपास के अस्पताल, होटल, रेस्तरां और विद्यालय की जानकारी मिलेगी। इनके संपर्क नंबर भी उपलब्ध रहेंगे। आपात स्थिति में निकटतम अस्पताल तक पहुंचने या अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए यह जानकारी काफी उपयोगी साबित होगी।

अधिकारी से लेकर हाईवे पेट्रोल तक का नंबर

सड़क पर किसी तरह की समस्या होने पर अब संबंधित अधिकारियों तक पहुंचना आसान होगा। क्यूआर कोड में एनएचएआइ के अधिकारियों, टोल फ्री नंबर, टोल प्रबंधक, हाईवे पेट्रोल, स्थानीय थाना और अभियंता के मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। सड़क पर गड्ढा, जाम, दुर्घटना या अन्य परेशानी होने पर यात्री सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे।

दो से तीन किलोमीटर पर लगाए गए बोर्ड

एनएचएआइ की ओर से राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रत्येक दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर क्यूआर कोड वाले बोर्ड लगाए गए हैं। मुजफ्फरपुर-हाजीपुर (मधौल-सदातपुर) बाइपास, मुजफ्फरपुर-दरभंगा, मुजफ्फरपुर-मोतिहारी और मुजफ्फरपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यात्री चाहें तो बोर्ड की तस्वीर मोबाइल में खींचकर भी रख सकते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग कर सकें।

कितनी दूर है अगला टोल, यह भी चलेगा पता

क्यूआर कोड के माध्यम से नजदीकी टोल प्लाजा की दूरी की जानकारी भी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को आगे की यात्रा की योजना बनाने में सहूलियत होगी। खासकर अनजान रास्तों पर सफर करने वाले लोगों के लिए यह डिजिटल सुविधा काफी मददगार साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें- शिवहर में एक लाख से शुरू किया कारोबार, आज 100 महिलाओं को दे रहीं रोजगार, रेणु ने ऐसे बदली अपनी तकदीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।