चूल्हा-बर्तन लेकर पहुंचीं महिला मजदूर, मुजफ्फरपुर समाहरणालय में पकाया खाना
मुजफ्फरपुर में मनरेगा के तहत काम और जॉब कार्ड न मिलने से नाराज महिला मजदूरों ने समाहरणालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

चूल्हा, चौकी और प्रदर्शन...समाहरणालय परिसर में धरना देती महिलाएं।(जागरण)
HighLights
मनरेगा काम, जॉब कार्ड न मिलने पर महिला मजदूरों का धरना।
चूल्हा-बर्तन, अनाज लेकर समाहरणालय परिसर में पहुंचीं मजदूर।
सात महीने से काम नहीं, बेरोजगारी भत्ता देने की मांग।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। वीबी-जी राम जी के तहत काम और जाब कार्ड नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने शुक्रवार से समाहरणालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
धरना मनरेगा वाच के बैनर तले किया जा रहा है। ये सभी महिला मजदूर चूल्हा-बर्तन और अनाज लेकर पहुंची हैं। वे शुक्रवार की रात धरना स्थल पर ही खाना भी पका रही हैं।
इसमें जिले के कुढ़नी, सरैया, मुरौल, मुशहरी, बोचहां, गायघाट, औराई, मोतीपुर, कांटी, सरैया और पारू सहित कई प्रखंडों की महिला मजदूर हैं, जिन्हें पिछले सात महीने से काम नहीं मिल रहा है। कहा कि जाब कार्ड के लिए पंचायत में जाने पर कहा जाता है कि काम उपलब्ध नहीं है।
मनरेगा वाच के संजय सहनी ने कहा कि कानून में साफ है कि जिन मजदूरों को काम नहीं दिया गया, उन्हें सरकार बेरोजगारी भत्ता देगी।
लेकिन सात महीने में इसका पालन नहीं किया गया। इससे पहले भी मजदूरों ने 123 दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था। तब सिर्फ आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में बुलडोजर एक्शन पर बवाल: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर भीड़ ने किया पथराव, 6 राहगीर घायल
मजदूरों के द्वारा धरना देने की जानकारी मिली है। शनिवार को इन सभी से बातचीत की जाएगी। हमलोग तो चाहते हैं कि मजदूर सामने आएं और काम करें। इनकी जो समस्या होगी, उसका नियमानुसार निष्पादन किया जाएगा।
अमित कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, वीबी जीरामजी