विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में विवाहिता की मौत के बाद पति फरार, सास ने खुद को कमरे में किया बंद

By Roshan KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Fri, 27 Nov 2026 04:01 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में 22 वर्षीय विवाहिता काजल कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बेड पर मिला, जिसके गले पर निशान थे। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति फरार है।

काजल कुमार की फाइल फोटो व घर के बाहर जुटी स्थानीय लोगाें की भीड़। जागरण

काजल कुमार की फाइल फोटो व घर के बाहर जुटी स्थानीय लोगाें की भीड़। जागरण

संवाद सहयोगी, मुजफ्फरपुर। छह महीने के मासूम बेटे के सिर से मां का साया उठ गया। दो साल पहले जिस घर में काजल दुल्हन बनकर आई थी, गुरुवार को उसी घर में उसकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

22 वर्षीय काजल कुमारी का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। उसके गले पर निशान भी मिले हैं। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।

कमरे में बेड पर मिला शव

घटना रामपुरहरि थाना क्षेत्र की मदारीपुर कर्ण पंचायत के कोईला स्थान गांव की है। मृतका की पहचान अर्जुन राय की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को घर में ही पंखे से लटके होने की बात सामने आई थी, लेकिन जब शव देखा गया तो वह कमरे में बेड पर पड़ा था। उसके गले पर निशान भी थे। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

पति घर छोड़कर फरार, सास ने खुद को कमरे में किया बंद

घटना के बाद मृतका का पति घर छोड़कर फरार हो गया। वहीं, उसकी सास ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

बाइक और सोने की चेन के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

काजल का मायका अहियापुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव में है। वह राजद किशोर राय की पुत्री थी। उसके भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर काजल को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

छह महीने का बेटा हुआ मां से महरूम

काजल की शादी दो वर्ष पहले अर्जुन राय से हुई थी। उसका छह महीने का एक बेटा है। मां की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद मासूम के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में मातम पसरा है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में 18 साल के कन्हैया की मौत से भड़का गांव, छह घंटे सड़क जाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।