विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में 18 साल के कन्हैया की मौत से भड़का गांव, छह घंटे सड़क जाम

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:37 PM (IST)

कृष कुमार शर्मा उर्फ कन्हैया की पेट्रोल छिड़ककर हत्या के बाद दरभंगा के सढ़वाड़ा गांव में ग्रामीणों ने छह घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और जनप्रतिनिधियों के घरों में तोड़फोड़ की।

दरभंगा में सिमरी के सढ़वाड़ा चौक पर पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर करते ग्रामीण। जागरण

दरभंगा में सिमरी के सढ़वाड़ा चौक पर पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर करते ग्रामीण। जागरण

HighLights

  1. कन्हैया की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम की।

  2. पुलिस वाहनों पर पथराव, जनप्रतिनिधियों के घर तोड़फोड़ हुई।

  3. तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई की मांग।

संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सिमरी थाना क्षेत्र के सढ़वाड़ा गांव में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से झुलसे कृष कुमार शर्मा उर्फ कन्हैया (18) की मौत के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा।

करीब छह घंटे तक सड़क जाम रखा। इस दौरान पहुंची सिमरा थाना पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस के दो वाहनों पर पत्थर से हमला कर लुकिंग ग्लास को तोड़ दिया।

आक्रोशित लोगों ने पंचायत के मुखिया एवं सरपंच के घर में घुसकर भी तोड़-फोड़ की। इसमें मुखिया की मां घायल हो गई। गुरुवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे स्वजन और ग्रामीणों ने अतरबेल-विशनपुर बाइपास सड़क के सढ़वाड़ा चौक पर शव रखकर बांस-बल्ला लगाते हुए जाम कर दिया।

ग्रामीण तीसरे नामजद आरोपित की गिरफ्तारी और सिमरी थाना पुलिस की लापरवाही को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। करीब छह घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहर करीब 1:30 बजे सदर एसडीपीओ-टू एसके सुमन ने आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।

मामले में गुरुवार को ही सिमरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार दो आरोपितों सढ़वाड़ा गांव निवासी रामवृक्ष दास के पुत्र चंदन कुमार और बालेश्वर चौधरी के पुत्र नेपाली उर्फ रवि को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

वहीं, तीसरे नामजद आरोपित पुलकित सहनी के पुत्र बलराम सहनी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इसी को लेकर स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित थे। जाम की सूचना पर करीब एक घंटे बाद सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के पहुंचते ही आक्रोशित स्वजन और ग्रामीण सिमरी थाना पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंहवाड़ा, मब्बी, मोरो और विशनपुर थाने की पुलिस के साथ जिला मुख्यालय से क्यूआरटी की टीम भी मौके पर पहुंची।

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर खड़ी सिमरी थाना की गश्ती गाड़ी और 112 की गाड़ी पर हमला कर दिया। दोनों वाहनों के लुकिंग ग्लास टूट गए।

गाड़ियों पर पत्थरबाजी किए जाने की भी बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को घटनास्थल से हटवा दिया। हालांकि, सदर एसडीपीओ-टू एसके सुमन ने पुलिस वाहनों पर हमले और पत्थरबाजी की घटना से इन्कार किया है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप, जनप्रतिनिधियों के घर पर तोड़फोड़

मृतक के चाचा नीरज ठाकुर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से ही आरोपित गांव में खुलेआम घूम रहे थे, लेकिन सिमरी थाना पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी में तत्परता नहीं दिखाई।

कन्हैया की मौत के बाद पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपित अब भी फरार है। जब तक तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होती, परिजनों का संघर्ष जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नारेबाजी की। उनका आरोप था कि मुखिया पति और सरपंच पति के प्रभाव में मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

इधर, मुखिया पिंकी देवी के पति अरुण दास ने आरोप लगाया कि कुछ उपद्रवियों ने उनके घर पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी मां जख्मी हो गईं। वहीं, पंचायत की सरपंच सुनैना देवी के पति विष्णु देव पासवान ने भी उपद्रवियों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। दोनों ने घटना के बाद अपने परिवार को दहशत में बताया।

परिवार को अंत्येष्टि और पारिवारिक योजना से मिलेगा लाभ

सदर एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि 15 नवंबर को चाय दुकान पर हुए विवाद के दौरान पेट्रोल छिड़कने से आग लगी थी, जिसमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में दो आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि फरार तीसरे आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन स्वजन को दिया गया है।

बीडीओ से बात हुई है। मृतक के परिवार को अंत्येष्टि सहायता और पारिवारिक योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया है। बताया कि सढ़वाड़ा चौक और आसपास के इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

नशे के धंधे की शिकायतों को देखते हुए नियमित पुलिस बल भेजकर छापेमारी कराई जाएगी। एसडीपीओ ने पुलिस की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों के प्रभाव में गिरफ्तारी नहीं होने के ग्रामीणों के आरोपों पर कहा कि वह छुट्टी पर थे, इसलिए पहले की कार्रवाई के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। इन आरोपों को गंभीरता से देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में शादी समारोह में पंडाल हटाने के दौरान हादसा, 11 हजार वोल्ट तार से टेंट मजदूर की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।