दरभंगा में शादी समारोह में पंडाल हटाने के दौरान हादसा, 11 हजार वोल्ट तार से टेंट मजदूर की मौत
दरभंगा में शादी समारोह का पंडाल हटाते समय 24 वर्षीय शंकर राम की 11 हजार वोल्ट के बिजली तार से करंट लगने से मौत हो गई। तीन साल पहले शादी करने वाले शंकर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जो परिवार का एकमात्र सहारा था।

दरभंगा के वाजिदपुर थाना क्षेत्र के मैना रहिका गांव में करंट की चपेट में आने से एक युवक मौत हो गई। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
संवाद सहयोगी, दरभंगा । घर के पास शादी की खुशियां थीं। पंडाल सज चुका था और उसी पंडाल को हटाने के काम में जुटा 24 वर्षीय शंकर राम अचानक मौत के मुंह में चला गया।
लोहे की पाइप 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आई और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तीन वर्ष पहले शादी कर घर बसाने वाले शंकर की मौत से पत्नी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पंडाल हटाते समय हुआ हादसा
वाजिदपुर थाना क्षेत्र के मैना रहिका गांव में शुक्रवार सुबह यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 14 निवासी लालू राम के पुत्र शंकर राम (24) के रूप में हुई है। वह टेंट हाउस में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
स्वजन उमेश राम ने डीएमसीएच पोस्टमार्टम परिसर में बताया कि घर के बगल में ही शादी समारोह आयोजित किया गया था। वहां टेंट का पंडाल लगा था। शुक्रवार सुबह टेंट संचालक के कहने पर शंकर पंडाल का बांस-बल्ला हटाने में जुटा था।
लोहे की पाइप बिजली तार से टकराई
पंडाल हटाने के दौरान लोहे की पाइप सड़क किनारे से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार के संपर्क में आ गई। इससे शंकर को जोरदार करंट लगा और वह जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। हादसा अचानक हुआ, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, शंकर की मौत हो चुकी थी।
तीन साल पहले हुई थी शादी, परिवार का सहारा छिन गया
शंकर तीन भाई और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार बेहोश हो रही है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वजन और स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की पहल करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।