विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में ओवरब्रिज से उतरते ही बिजली मिस्त्री को मारी गोली, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:52 PM (IST)

दरभंगा में एक बिजली मिस्त्री शैलेंद्र झा को ओवरब्रिज से उतरते समय गोली मार दी गई, जिसमें उनकी जांघ में दो गोलियां लगीं। यह घटना जमीन विवाद के कारण हुई बताई जा रही है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

दरभंगा में जमीन विवाद में चली गोली। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दरभंगा में जमीन विवाद में चली गोली। (प्रतीकात्मक तस्वीर) 

HighLights

  1. बिजली मिस्त्री शैलेंद्र झा को दरभंगा में ओवरब्रिज पर गोली मारी गई।

  2. जमीन विवाद के चलते अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की।

  3. घायल को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, पुलिस जांच कर रही।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। जमीन का विवाद इतना बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक पहुंच गई। गुरुवार की रात रैक प्वाइंट के समीप ओवरब्रिज से उतर रहे बिजली मिस्त्री को अपराधियों ने निशाना बना लिया।

दो राउंड फायरिंग में एक गोली उनकी जांघ को चीरते हुए आरपार हो गई, जबकि दूसरी शरीर में फंसी रह गई। गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को डीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ओवरब्रिज के पास घेरकर की फायरिंग

घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रैक प्वाइंट के समीप गुरुवार रात करीब नौ बजे की है। कबीलपुर निवासी स्व. राधेश्याम झा के पुत्र शैलेंद्र झा (50) ओवरब्रिज से उतर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान दो राउंड फायरिंग की गई।

जांघ में लगी दो गोलियां

फायरिंग में एक गोली शैलेंद्र की जांघ को छेदते हुए आरपार हो गई, जबकि दूसरी गोली अंदर फंसी हुई है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल डीएमसीएच पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।

जमीन विवाद में पहले से चल रही थी तनातनी

शैलेंद्र पेशे से बिजली मिस्त्री हैं। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। गुरुवार की रात रैक प्वाइंट के पास विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गोलीबारी की घटना हुई। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में शैलेंद्र को निशाना बनाया गया।

आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी में जमीन विवाद को लेकर गोली चलने की बात सामने आई है। गोली चलाने वाले की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।