मुजफ्फरपुर में प्रेम संबंध के विवाद में यूपी की युवती की संदिग्ध स्थिति में मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
मुजफ्फरपुर में उत्तर प्रदेश की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसे प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Suspicious Death Case: मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर चौक इलाके में शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
युवती सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रेम संबंध से जुड़ा मामला
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर जिला निवासी के रूप में हुई है। वह गोरखपुर के एक माल में काम करती थी।
प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़े विवाद का सामने आया है और जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मुजफ्फरपुर के युवक से पहचान
बताया गया कि युवती चक्कर चौक जाने वाले रास्ते में सड़क किनारे गिरी हुई थी। उस समय वह होश में थी। स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम बताया और कहा कि जिस माल में वह काम करती थी, वहां मुजफ्फरपुर का एक युवक भी काम करता था। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गया।
शादी की बात पर विवाद
बताया जा रहा है कि युवक छठ महापर्व पर अपने घर आया था। इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि वह शादी करने की तैयारी में है। इसके बाद वह अपने प्रेमी के घर पहुंच गई।
बताया जाता है कि युवक का घर चक्कर इलाके में ही है। युवती के अनुसार, युवक और उसके स्वजन ने उसे साथ रखने से इन्कार कर दिया और जहर खाकर मर जाने तक की बात कही। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।
दो दिन पहले निकली थी घर से
युवती की मौत की जानकारी मिलने पर उसकी मां मुजफ्फरपुर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पुलिस से मोबाइल पर सूचना मिलने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई।
युवती दो दिन पहले घर से यह कहकर निकली थी कि उसके कमरे में चोरी हो गई है और वह काम वाली जगह जा रही है। हालांकि, वह मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। मां ने किसी पर संदेह या आरोप नहीं लगाया है।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
नगर एएसपी वन सुरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। युवती गोरखपुर की रहने वाली थी। स्वजन के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
युवती मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।