चाची से प्रेम संबंध में रोड़ा बना चाचा, भतीजे ने भाई के साथ मिलकर कर दी हत्या
चाची से प्रेम संबंध के विरोध में भतीजे ने अपने भाई के साथ मिलकर चाचा की हत्या कर दी। पुलिस ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
भतीजे शुभम ने अपने भाई रजत के साथ मिलकर मारा।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर : चाची से करीब साढ़े तीन साल से चल रहे प्रेम संबंध में चाचा के विरोध को भतीजा बर्दाश्त नहीं कर सका। इसी रंजिश में उसने अपने सगे भाई के साथ मिलकर चाचा की हत्या कर दी। पहले खेत में बुलाकर लोहे की राड से सिर पर वार कर उसे लहूलुहान किया और फिर अधमरी हालत में बाइक पर लादकर दूसरे थाना क्षेत्र में ले जाकर फेंक दिया। वहां उसकी मौत हो गई। मामले का पुलिस ने राजफाश करते हुए दोनों आरोपित सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि राजू की हत्या उसके सगे भतीजे शुभम ने अपने भाई रजत के साथ मिलकर की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि राजू की पत्नी और शुभम के बीच करीब साढ़े तीन साल से प्रेम संबंध थे। राजू को इसकी जानकारी हो गई थी। वह कई बार इसका विरोध कर चुका था। इसी बात को लेकर शुभम अपने चाचा से रंजिश रखने लगा था।
नौ नवंबर की शाम शुभम ने राजू को फोन करके खेत में बुलाया था। वहां शुभम ने लोहे की राड से राजू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजू बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद शुभम ने अपने भाई रजत को फोन कर मौके पर बुला लिया। दोनों भाइयों ने राजू को मोटरसाइकिल पर बैठाया और सरसावा थाना क्षेत्र में ले आए। हैदरपुर से भिक्कनपुर जाने वाले रास्ते पर बंधे के पास उसे फेंककर फरार हो गए। बाद में राजू की मौत हो गई।
एसपी देहात मयंक देहात ने बताया कि हत्याकांड के राजफाश के लिए सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने डिजिटल और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो शुभम और रजत की भूमिका सामने आई। इसके बाद दोनों को देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित सरसावा टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की राड, मृतक के कपड़े, पर्स और पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।