विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

12 घंटे लेट, 20 घंटे तक का इंतजार... मुजफ्फरपुर में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री बेहाल

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:19 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं, कई ट्रेनें 12 से 20 घंटे तक विलंब से चल रही हैं। इस कारण यात्रियों का रेलवे पर भरोसा कम हो रहा है और वे टिकट लेने से भी कतरा रहे हैं।

रेलवे की समयपालन व्यवस्था यात्रियों के धैर्य की परीक्षा ले रही। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

रेलवे की समयपालन व्यवस्था यात्रियों के धैर्य की परीक्षा ले रही। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । रेलवे की समयपालन व्यवस्था यात्रियों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। कभी 18 से 20 घंटे की देरी तो कभी 10-12 घंटे तक इंतजार। लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

रविवार को भी मुजफ्फरपुर जंक्शन पर डेढ़ दर्जन ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। सबसे अधिक देरी 05542 यशवंतपुर-दरभंगा स्पेशल में रही। इसके करीब 12 घंटे विलंब से पहुंचने की सूचना दी जा रही थी। घंटों इंतजार से परेशान यात्रियों के बीच अब ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी है।

यशवंतपुर-दरभंगा स्पेशल 12 घंटे लेट

रविवार को सबसे अधिक विलंब 05542 यशवंतपुर-दरभंगा स्पेशल ट्रेन रही। यह ट्रेन 26 नवंबर को यशवंतपुर से करीब सात घंटे की देरी से खुली थी। रविवार शाम मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने की सूचना करीब 12 घंटे विलंब की दी जा रही थी। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।

डेढ़ दर्जन ट्रेनें प्रभावित

रविवार को अन्य कई ट्रेनें भी निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं। 02564 करीब पांच घंटे, 09152 साढ़े चार घंटे, 15028 मौर्य एक्सप्रेस और 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे विलंब से चलीं। वहीं, 15211 जननायक एक्सप्रेस और 15566 वैशाली एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे की देरी से पहुंचीं। 15048 पूर्वांचल एक्सप्रेस, 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस, 13225 और 18182 करीब डेढ़-डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचीं। इनके अलावा भी कई ट्रेनें निर्धारित समय से देर से चलीं।

20 घंटे तक बढ़ चुकी है देरी

ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला पिछले दिनों भी जारी रहा। 07008 रक्सौल-चर्लापल्ली स्पेशल ट्रेन रक्सौल से करीब 18 घंटे विलंब से रवाना हुई थी। सीतामढ़ी पहुंचते-पहुंचते इसकी देरी करीब 20 घंटे हो गई थी। शुरुआती करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करने में ही ट्रेन को दो घंटे अतिरिक्त लग गए थे।

शनिवार को 13022 मिथिला एक्सप्रेस भी काफी विलंब से चली। वहीं, अप मिथिला एक्सप्रेस 13021 करीब दो घंटे लेट रही। इसका असर वापसी में रक्सौल से खुलने वाली ट्रेन पर भी पड़ा। इसके अलावा 15909 अवध-असम एक्सप्रेस दो घंटे, 63265 दरभंगा-पटना मेमू करीब डेढ़ घंटे, 15725 एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और 04623 स्पेशल ट्रेन करीब दो घंटे विलंब से चली थी।

सीटें उपलब्ध, फिर भी टिकट लेने से परहेज

लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों के लगातार घंटों विलंब से चलने का असर यात्रियों के भरोसे पर भी पड़ रहा है। स्थिति यह है कि ट्रेनों में सीटें उपलब्ध रहने के बावजूद यात्री समय पर गंतव्य पहुंचने की अनिश्चितता के कारण टिकट लेने से कतरा रहे हैं।

यात्रियों का कहना है कि रेल अधिकारियों को केवल ट्रेनों की मानीटरिंग तक सीमित नहीं रहना चाहिए। देरी के कारणों की समीक्षा कर परिचालन व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। खासकर लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को घंटों इंतजार की परेशानी से राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज एक्सप्रेस 3 माह रद, बगहा, नरकटियागंज और बेतिया के मरीजों की बढ़ेगी मुश्किल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।