मुजफ्फरपुर में आटा लेने निकला 14 साल का किशोर, प्रेमिका के घर मिली साइकिल तो पोखर में मिला शव
मुजफ्फरपुर के कटरा में प्रेम संबंध के चलते एक 14 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
14 वर्षीय किशोर की प्रेम संबंध में हत्या।
कटरा के देवगन गांव में पोखर से शव बरामद।
प्रेमिका और उसके माता-पिता पुलिस हिरासत में।
संवाद सहयोगी, कटरा (मुजफ्फरपुर)। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले महज 14 वर्ष उम्र के किशोर की प्रेम संबंध में हत्या कर दी गई। कटरा थाना क्षेत्र की सोनपुर पंचायत स्थित देवगन गांव के किशोर की हत्या के बाद शव को पोखर में फेंक दिए गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि देवगन निवासी सुभाष मांझी का पुत्र पिंटू कुमार (14 वर्ष) रविवार को साइकिल से आटा लाने के लिए गांव की एक दुकान पर गया था।
इसके बाद वह लौटकर घर नहीं आया। उसका मोबाइल भी स्विच आफ आ रहा था। काफी खोज के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद किशोर की मां रंजू देवी ने सोमवार को कटरा थाने में पुत्र के लापता होने की शिकायत की थी।
किशोर की साइकिल भी गायब थी। आवेदन के आलोक में थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने जांच शुरू की। इस बीच एक दरवाजे पर किशोर की साइकिल देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए घर के मालिक को को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की।
पुलिस की पूछताछ में उसने किशोर की हत्या कर शव को गांव के पश्चिम पोखर में जलकुंभी के बीच छिपाने की बात स्वीकार कर ली। इस घर के मालिक की बेटी से किशोर का प्रेम संबंध था।
निशानदेही पर पुलिस ने पोखर से किशोर का शव बरामद कर लिया। यह पानी में गल चुका था। पुलिस का अनुमान है कि किशोर की हत्या चार अक्टूबर को ही कर दी गई। इसके बाद शव को पोखर में फेंक दिया गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि नौवीं में पढ़ने वाला किशोर का अपनी ही कक्षा की एक लड़की से प्रेम संबंध था। वह उसके घर भी अक्सर जाया करता था, जहां उसकी साइकिल मिली। मामले में कथित प्रेमिका और उसके माता-पिता को आरोपित किया गया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है।
