विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में सुधा डेयरी का पानी पाइपलाइन से जाएगा फरदो नाला, रूट मंजूर, 50 साल की समस्या का हल

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:55 AM (IST)

Muzaffarpur Sudha Dairy Drainage Pipeline: मुजफ्फरपुर के सुधा डेयरी प्लांट से निकलने वाले दूषित पानी को अब शोधित कर फरदो नाला तक पाइपलाइन के जरिए पहुंचाया जाएगा। इस योजना से 50 साल पुरानी समस्या का समाधान होगा।

मुजफ्फरपुर सुधा डेयरी प्लांट।

मुजफ्फरपुर सुधा डेयरी प्लांट।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Sudha Dairy Wastewater 40 Acres: मुजफ्फरपुर के सदातपुर स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकलने वाले पानी को शोधित कर अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइपलाइन के जरिए फरदो नाला के समीप गिराया जाएगा।

इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें कांटी विधायक अजीत कुमार भी मौजूद रहे। तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड यानी तिमूल के प्रस्तावित मार्ग का अंचलाधिकारी स्तर पर मानचित्रण कर समिति को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर ड्रेनेज रूट को स्वीकृति दी गई।

डीपीआर और एनओसी की तैयारी

प्रमंडलीय आयुक्त ने तिमूल के प्रबंध निदेशक को एक माह के भीतर प्रस्तावित ड्रेनेज रूट का डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है। परियोजना के तहत डेयरी से फरदो नाला तक 2.4 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसके लिए एनएचएआइ और रेलवे से एनओसी ली जाएगी।

यह पाइपलाइन एनएच से सटे क्षेत्र से होते हुए ट्रेडर्स, ट्रेवल्स, अली अहमद चौक और जेनरल स्टोर के पास से गुजरेगी, जबकि फरदो नाला के पास तालाब निर्माण से मत्स्य पालन को भी बढ़ावा मिलेगा।

40 एकड़ जमीन और लीची के पेड़ प्रभावित

सुधा डेयरी से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी के कारण आसपास की लगभग 40 एकड़ कृषि भूमि और 11 सौ लीची के पेड़ प्रभावित हो रहे हैं। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता द्वारा बोरवेल के पानी की जांच में आर्सेनिक, क्लोराइड और फास्फेट जैसे तत्व पाए गए थे, जिससे लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि करीब 50 वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में यह कदम उठाया गया है।

50 साल की जरूरत के हिसाब से निर्माण

कांटी विधायक अजीत कुमार ने कहा कि तिमूल के साथ अन्य होटल व रेस्टोरेंट का पानी भी रैयती भूमि में जा रहा है, इसलिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए। प्रमंडलीय आयुक्त ने आगामी 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए पाइपलाइन का निर्माण कराने का निर्देश दिया।

तय मार्ग के अनुसार एनएचएआइ पुल के दक्षिण छोर पर सड़क के नीचे बने कल्वर्ट से लाइन ले जाकर पक्का नाला के पास से रेलवे क्रॉसिंग से करीब सौ मीटर आगे तक काम होगा और फिर करीब सौ मीटर पूर्व स्थित रेलवे अंडरपास के माध्यम से ट्रैक पार कर मुख्य सड़क तक पाइपलाइन पहुंचाई जाएगी।

यह निर्धारित किया गया रूट 

  •  डेरी के समीप स्थित एनएचएआइ पुल के अंत से, पुल के दक्षिण दिशा की ओर से एनएचएआइ के रोड के नीचे के बने कल्वर्ट से ड्रेनेज पाइप ले जाने का कार्य किया जाएगा।
  •  इसके बाद दक्षिण दिशा में पूर्व से एनएचएआइ का निर्मित पक्का नाला के समीप से ड्रेनेज लाइन का निर्माण रेलवे क्रासिंग से करीब सौ मीटर आगे तक किया जाएगा।
  •  रेलवे क्रासिंग से करीब सौ मीटर पूर्व रेलवे विभाग द्वारा निर्मित एक अंडरपास उपलब्ध है। इसके माध्यम से पाइपलाइन को रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर ले जाया जाएगा।
  •  रेलवे ट्रैक पार करने के उपरांत रेलवे विभाग की भूमि से होते हुए मुख्य सड़क तक पाइपलाइन ले जाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में सुधा डेयरी से जलनिकासी को बनने वाली पाइपलाइन 11 रैयतों की निजी जमीन से गुजरेगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।