मुजफ्फरपुर में रिश्वतखोरी पर एसएसपी का कड़ा एक्शन, हथौड़ी थाने का जमादार निलंबित
Muzaffarpur SSP Action News: मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप में हथौड़ी थाना के सहायक ...और पढ़ें

आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Hathauri Police Station ASI Suspended: रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप में हथौड़ी थाना में तैनात पुलिस सहायक अवर निरीक्षक (जमादार) राम प्रवेश प्रसाद को एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई
एसएसपी ने बताया कि जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त अनुशासनिक कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी कड़ी में हथौड़ी थानाध्यक्ष द्वारा जमादार के विरुद्ध एक औपचारिक रिपोर्ट समर्पित की गई थी।
निगरानी थाना पटना में केस दर्ज
रिपोर्ट के अनुसार, हथौड़ी थाना में पदस्थापित जांच अधिकारी राम प्रवेश प्रसाद ने मारपीट के एक मामले के आरोपी से घूस की मांग की थी। इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा निगरानी थाना पटना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
जीवन यापन भत्ता पर निलंबन
थानाध्यक्ष द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन की जांच के बाद एसएसपी ने जमादार को भ्रष्टाचार में संलिप्तता और पद के अयोग्य पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें केवल सामान्य जीवन यापन भत्ता ही देय होगा।
