छठ महापर्व के दौरान मुजफ्फरपुर में नहीं कटेगी बिजली, विभाग ने रद की सभी कर्मियों की छुट्टियां
Muzaffarpur Chhath Puja Power Supply: मुजफ्फरपुर में छठ महापर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ...और पढ़ें

HighLights
छठ महापर्व पर मुजफ्फरपुर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
विद्युत विभाग ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कीं।
घाटों पर विशेष टीमें तैनात, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिजली विभाग ने अपनी मुकम्मल तैयारियां तेज कर दी हैं।
पर्व के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुजफ्फरपुर विद्युत आपूर्ति अंचल को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है।
इसके तहत विभाग ने एहतियात के तौर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद कर दी हैं।
अधिकारियों से लेकर तकनीकी कर्मचारियों और मानव बल तक को अपनी ड्यूटी पर पूरी तरह मुस्तैद रहने का सख्त निर्देश दिया गया है।
घाटों पर विशेष टीमों की तैनाती
विद्युत अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश ने इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। उनके नेतृत्व में तैयार की गई विशेष कार्ययोजना के तहत शहर से लेकर विभिन्न छठ घाटों तक बिजली व्यवस्था की निरंतर निगरानी और त्वरित मरम्मत के लिए विभागीय टीमों की तैनाती की गई है।
छठ घाटों पर विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और मानव बल आवश्यक उपकरणों व सुरक्षा किट के साथ मुस्तैद रहेंगे।
कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित होने, तार टूटने या किसी तरह की तकनीकी खराबी आने पर संबंधित त्वरित कार्रवाई टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
विशेष कंट्रोल रूम का गठन
विभाग ने केवल छठ घाटों तक ही अपनी तैयारी सीमित नहीं रखी है, बल्कि पूरे विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में सुचारू बिजली बनाए रखने के लिए विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
संध्याकालीन और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बिजली से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन और आपात स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, जो चौबीसों घंटे काम करेगा।
मदद के लिए जारी किए गए नंबर
विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छठ पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को बिजली संबंधी किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।
किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के लिए उपभोक्ता कंट्रोल रूम के आधिकारिक नंबर 9264456400 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, नोडल पदाधिकारी मनोज कुमार जायसवाल से उनके मोबाइल नंबर 7763815485 पर भी सीधे संपर्क किया जा सकता है।
विद्युत अधीक्षण अभियंता ने सभी कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा है।
यह भी पढ़ें- मधुबनी के जयनगर में पावर कट, आरओबी निर्माण को लेकर दो घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति