सांस के साथ दिमाग को भी बीमार कर रहा प्रदूषण, मुजफ्फरपुर के SKMCH में बढ़ी मरीजों की भीड़
मुजफ्फरपुर में बदलते मौसम और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण शहरवासियों की सेहत बिगड़ रही है। श्री कृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
प्रदूषण और बदलते मौसम से मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ीं।
एसकेएमसीएच में एक सप्ताह में 3000 से अधिक मरीज पहुंचे।
सांस, दमा, निमोनिया और मानसिक रोगों के मामले तेजी से बढ़े।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बदलते मौसम व लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण की दोहरी मार से शहरवासियों की सेहत बिगड़ रही है। सुबह व रात के समय बढ़ी ठंड से जहां एक ओर सर्दी, खांसी, दमा व सांस लेने में तकलीफ के मामले तेजी से बढ़े हैं।
वहीं, दूसरी ओर सड़क पर से उड़ रहे धूलकण व बाजार के भोजन लोगों की मानसिक सेहत को भी प्रभावित कर रहे हैं। इसका सीधा असर श्री कृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसकेएमसीएच) की ओपीडी में देखने को मिल रहा है, जहां पिछले एक सप्ताह से मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
सात दिनों में साढ़े 3000 से अधिक मरीज पहुंचे अस्पताल
अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सात दिनों में मेडिसिन विभाग में 1,810 मरीज पहुंचे। इनमें सांस, दमा व वायरल बुखार के मरीज अधिक हैं। शिशु रोग विभाग में ठंड व धूल-धुएं से निमोनिया व सर्दी-खांसी से पीड़ित 1,610 बच्चों का इलाज हुआ।
वहीं, घबराहट, चिड़चिड़ेपन व तनाव की शिकायत लेकर 140 मरीज मनोचिकित्सक के पास पहुंचे। मौसमी बीमारियों व प्रदूषण जनित समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या में सबसे अधिक दबाव मेडिसिन और शिशु रोग विभाग पर देखा जा रहा है।
मनोचिकित्सक प्रो. डॉ. आइडी सिंह ने बताया धूल व धुएं के कण सांस लेने में कठिनाई पैदा कर सकते हैं। लंबे समय तक खराब हवा और शारीरिक अस्वस्थता से चिड़चिड़ापन, बेचैनी व तनाव बढ़ सकता है।
मेडिसिन विभाग के डॉ. संजीव कुमार के अनुसार तापमान में गिरावट से श्वसन नलियां सिकुड़ती हैं, जिससे दमा व अस्थमा के मरीजों की परेशानी बढ़ती है।
धूलकणों से आक्सीजन का स्तर प्रभावित होकर थकान व सिरदर्द हो सकता है। बुजुर्गों, बच्चों व पहले से बीमार लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद मुजफ्फरपुर की हवा जहरीली, बुद्धा कॉलोनी सबसे ज्यादा प्रदूषित