विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली के बाद मुजफ्फरपुर की हवा जहरीली, बुद्धा कॉलोनी सबसे ज्यादा प्रदूषित

Published: Sun, 15 Nov 2026 12:19 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में दीपावली के बाद लगातार छह दिनों तक हवा रेड जोन में रही, हालांकि शनिवार को औसत एक्यूआइ 144 दर्ज किया गया।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. दीपावली के बाद छह दिन मुजफ्फरपुर की हवा रेड जोन में रही।

  2. बुद्धा कॉलोनी में एक्यूआइ 202 दर्ज, शहर में सबसे प्रदूषित क्षेत्र।

  3. वाहन दबाव, धूलकण और धीमी हवा प्रदूषण बढ़ने के मुख्य कारण।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। दीपावली के बाद लगातार छह दिनों तक शहर की हवा रेड जोन रही। हालांकि शनिवार को इसमें मामूली सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 144 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।

हालांकि, शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण के स्तर में काफी अंतर देखने को मिला। बुद्धा कॉलोनी की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही, जहां एक्यूआइ 202 दर्ज किया गया।

वहीं, कलेक्ट्रेट स्टेशन पर 134 व एमआइटी-दाउदपुर कोठी स्टेशन पर सबसे कम 95 एक्यूआइ रहा। शहर की हवा में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक बना है। दीपावली के बाद से लगातार छह दिनों तक शहर का एक्यूआइ 300 के पार रेड जोन में बना रहा।

दीपावली और उसके अगले दिन बुद्धा कॉलोनी में एक्यूआइ अधिकतम 500 तक पहुंच गया था। वहीं, कलेक्ट्रेट इलाके में यह 495 दर्ज किया गया था। दीपावली से सप्ताहभर पहले तक कलेक्ट्रेट व दाउदपुर कोठी इलाके की हवा अपेक्षाकृत साफ थी।

यहां लंबे समय तक एक्यूआइ 100 से नीचे रहा। पिछले छह दिनों में दाउदपुर कोठी का एक्यूआइ अधिकतम 462 व न्यूनतम 147 तक पहुंच गया। इस दौरान केवल एक दिन ही एक्यूआइ 150 से नीचे रहा।

धूल व धीमी हवा से बढ़ रहा प्रदूषण

मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार सड़क पर वाहनों का लगातार दबाव, जाम, धूलकण व निर्माण कार्य प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने व हवा की गति मात्र पांच किलोमीटर प्रतिघंटा होने से धूल व धुआं वातावरण में ठहर रहा है।

इससे प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। कहा कि एक्यूआइ मध्यम श्रेणी में पहुंचने के बाद भी बच्चों, बुजुर्गों व सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें और धूल वाली जगहों पर जाने से बचें।

इस तरह से मापा जाता प्रदूषण का ग्राफ

0-50 -अच्छा हवा साफ, कोई खतरा नहीं
51-100 - संतोषजनक संवेदनशील लोगों को हल्की परेशानी
101-200- मध्यम सांस, अस्थमा के मरीजों को परेशानी
201-300 - खराब सभी लोगों को सांस लेने में दिक्कत
301-400- बहुत खराब लंबे समय तक रहने पर बीमारी का खतरा
401-500- स्वस्थ लोगों पर भी गंभीर असर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।