विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला को बाल पकड़कर घसीटा; विरोध करने पर पीटा, मुजफ्फरपुर पुलिस की बर्बरता का वीडियो वायरल

By Sanjiv KumarEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Sun, 04 Oct 2026 10:08 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल हो रहा है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में पुलिस द्वारा महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल।

  2. पुलिसकर्मी महिला को बाल पकड़कर घसीटते और मारपीट करते दिखे।

  3. घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

राजीव रंजन, कांटी। मुजफ्फरपुर जिले में कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में पुलिस का महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

वीडियो में एक महिला को पुलिसकर्मी बाल पकड़कर जबरन हिरासत में ले जाते और विरोध करने पर जमीन पर पटककर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में कांटी थाने में कार्यरत दारोगा निवेदिता, डायल-112 के पदाधिकारी व अन्य पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। दैनिक जागरण इस प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।

अतंरजातीय विवाह का मामला  

बताया जाता है कि महिला ने अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया है। उसका पति कथित रूप से कई महीनों से गायब है और ससुराल पक्ष उसे रखने को तैयार नहीं है।

न्याय की गुहार लगाने महिला पति के दरवाजे पर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंची और महिला को हिरासत में लेने का प्रयास किया।

वीडियो में पुलिस कार्रवाई का स्थानीय लोग विरोध करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते भी नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने महिला के साथ कथित तौर पर बल प्रयोग और मारपीट को अनुचित बताते हुए दारोगा समेत संबंधित पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की है।

मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड खालिद जफर पर भी जल्द कसेगा शिकंजा, पुलिस घोषित करेगी इनाम