मुजफ्फरपुर : 25 साल बाद पिस्तौल गायब होने के मामले में आया कोर्ट का फैसला, गृहपाल, हवलदार और सिपाही बरी
मुजफ्फरपुर में बीएमपी-6 के शस्त्रागार से पिस्तौल गायब होने के 25 साल पुराने मामले में अदालत ने गृहपाल, हवलदार और सिपाही को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है।

पिस्तौल और मैगजीन गायब होने के मामले में आया फैसला। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
बीएमपी-6 शस्त्रागार से पिस्तौल गायब होने का 25 साल पुराना मामला।
अदालत ने गृहपाल, हवलदार और सिपाही को संदेह का लाभ दिया।
पुलिसकर्मियों के बयानों में विरोधाभास, तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बीएमपी-6 के शस्त्रागार से एक नाइन एमएम पिस्तौल और मैगजीन गायब होने का मामला करीब 25 साल तक अदालत में चला। हथियार किसकी जिम्मेदारी में था और आखिर वह गायब कैसे हुआ, इसे लेकर पुलिसकर्मियों के बयानों में विरोधाभास सामने आया। अब इस पुराने मामले में अदालत ने फैसला सुनाते हुए गृहपाल, हवलदार और सिपाही को बरी कर दिया है। तीनों को संदेह का लाभ मिला।
प्रशिक्षण केंद्र से लाई गई थी पिस्तौल
बिहार सैन्य पुलिस-6 (बीएमपी-6) के मुख्यालय शस्त्रागार से पिस्तौल और मैगजीन गायब होने का यह मामला वर्ष 2001 का है। तीन अक्टूबर 2001 को बीएमपी-7 कटिहार प्रशिक्षण केंद्र से हवलदार प्रभु नारायण सिंह एक नाइन एमएम पिस्तौल लेकर आए थे। सफाई कराने के लिए गृहपाल के निर्देश पर इसे मुख्यालय के कोत में रखा गया था।
सत्यापन में गायब मिली पिस्तौल
भौतिक सत्यापन के दौरान पिस्तौल मैगजीन समेत गायब मिली। इसके बाद हथियार गायब होने को लेकर सवाल उठने लगे। मामले में 10 नवंबर 2001 को बीएमपी-6 के आरक्षी उपाधीक्षक केशव चंद्र महतो ने मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें आपराधिक षड्यंत्र के तहत हथियार गायब करने का आरोप लगाया गया था।
बयानों में उलझा मामला
जांच और सुनवाई के दौरान पिस्तौल रखने को लेकर हवलदार और सिपाही के बयानों में विरोधाभास सामने आया। हवलदार का कहना था कि सिपाही ने पिस्तौल रखी थी। वहीं, सिपाही के अनुसार सफाई के बाद उसने हवलदार के सामने पिस्तौल बक्से में रख दी थी। कोत की चाबी हवलदार के पास रहती थी और दोनों कर्मी उसे खोलने-बंद करने में शामिल थे।
न ताला टूटा, न दरवाजे पर निशान
मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया कि शस्त्रागार के दरवाजे या ताले पर तोड़फोड़ के कोई निशान नहीं मिले थे। ऐसे में पिस्तौल गायब होने की घटना को लेकर आरोपों और बयानों के बीच विरोधाभास बना रहा।
अदालत ने दिया संदेह का लाभ
करीब 25 साल बाद एसीजेएम-सात कुमार गिरिंद्र गौरव की अदालत ने मामले में फैसला सुनाया। अदालत ने गृहपाल लक्ष्मण पांडेय, हवलदार शंकर दयाल सिंह और सिपाही केशव चंद्र महतो को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता प्रियरंजन अनु ने इसकी जानकारी दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।