मुजफ्फरपुर में भवन निर्माण के नए नियम लागू, नक्शा स्वीकृति की समय सीमा तय
मुजफ्फरपुर में नए भवन निर्माण बायलाज लागू हुए हैं, जिनके तहत नक्शे की स्वीकृति अब सिर्फ पांच साल के लिए होगी और कुल दस साल बाद काम पूरा न होने पर इसे अस्वीकृत कर दिया जाएगा।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
भवन निर्माण नक्शा अब सिर्फ पांच साल के लिए स्वीकृत होगा।
मिट्टी जांच और क्यूब टेस्ट कराना निर्माण से पहले अनिवार्य।
गलत निर्माण पर वास्तुविद और डेवलपर पर होगी कड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । भवन निर्माण का नक्शा सिर्फ पांच साल के लिए स्वीकृत किया जाएगा। अगर इस दौरान काम पूरा नहीं हुआ तो फिर पांच साल के लिए शुल्क जमा कर अवधि बढ़ाई जा सकेगी। अगर दस साल में भी काम पूरा नहीं हुआ तो इसे अस्वीकृत कर दिया जाएगा।
नए बिल्डिंग बायलाज में निर्माण कार्य की समय सीमा को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा भवन को तीन श्रेणी, निम्न, मध्य और उच्च श्रेणियों में बांटा गया है।
इसके तहत निम्न जोखिम भवन स्वप्रमाणन से, मध्य जोखिम भवन आनलाइन प्रणाली या पैनलबद्ध वास्तुविद अथवा तकनीकी व्यक्ति से और उच्च जोखिम वाले भवन की स्वीकृति नगर निगम देगा।
उच्च जोखिम वाले भवन निर्माण की स्वीकृति 30 दिन में देनी होगी। आवेदन मिलने के 15 दिन के अंदर सभी आपत्तियां एक ही पत्र में आवेदक से मांगी जाएगी।
आवेदक सात दिन में इसका जवाब देगा और अंतिम सात दिन में प्राधिकार इसकी स्वीकृति प्रदान करेगा और अगर इसके बाद भी निर्धारित समय में प्राधिकार कोई जवाब नहीं देगा तो स्वतः अनुमोदित माना जाएगा।
कार्यस्थल पर कभी भी पहुंचकर की जाएगी जांच
निर्माण कार्य कराने से पूर्व मिट्टी जांच और क्यूब टेस्ट (कंक्रीट और अन्य सामग्री) कराना अनिवार्य होगा। यह जांच तकनीकी अभियंता, मिट्टी जांच की अधिकृत लैब, सरकारी इंजीनियरिंग कालेज, पालिटेक्निक कालेज की लैब और नगर विकास विभाग से मान्यता प्राप्त लैब से कराना होगा।
कार्यस्थल पर अनुमोदित नक्शे की कापी, मिट्टी जांच और क्यूब टेस्ट रिपोर्ट, डेवलपर और साइट पर्यवेक्षक का नाम व मोबाइल नंबर मुख्य गेट पर लिखना होगा। निम्न और मध्यम-जोखिम भवनों की पूर्णता पैनलबद्ध तकनीकी व्यक्ति प्रमाणित करेगा। स्व-प्रमाणन वाले भवनों को भी उन्हीं से पूर्णता प्रमाण पत्र लेना होगा।
गलत काम किया तो ब्लैकलिस्ट और जुर्माना का प्रविधान
नए बायलाज में दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रविधान किया गया है। वास्तुविद, अभियंता, नगर नियोजक या अग्नि परामर्शदाता ने गलत कथन दिया या नियम तोड़ा, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई कर उसे डिबार अथवा ब्लैकलिस्ट कर जुर्माना किया जाएगा।
इसके अलावा स्वीकृत योजना से अलग निर्माण मिला तो अनुमति रद्द कर दी जाएगी। अनधिकृत या असुरक्षित निर्माण पर ध्वस्तीकरण, परिसर को सील करना, अभियोजन और आपराधिक कार्रवाई भी हो सकेगी।
योजना के अनुरूप नहीं बने भवन पर नोटिस के बाद सारा निर्माण रोक दिया जाएगा। ऐसे सभी असुरक्षित भवनों को लोक सुरक्षा के लिए खतरा माना जाएगा। प्राधिकार जांच कर इसकी मरम्मत कराएगा, नहीं तो ध्वस्त करेगा।
नए नियम के अनुसार ही बनाए जाएं नक्शा और मकान
पूर्व से सकरी गलियों के लिए नए बायलाज के अनुसार ही मकान और उसका नक्शा बनेगा। उप नगर आयुक्त अमित कुमार के अनुसार अगर संकरी गली है तो वहां भी नए बायलाज के अनुसार ही मकान बनाना जाना नियमसंगत होगा। अगर निर्धारित जगह नहीं छोड़ी गई है तो उसे छोड़ना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।