विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में घर बनाने वालों को बड़ी राहत, अब नक्शा पास कराने के लिए नहीं लगाने होंगे नगर निगम के चक्कर

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:00 AM (IST)

बिहार के नए बिल्डिंग बायलाज में भवन निर्माण नक्शे में रंग संकेतक अनिवार्य किए गए हैं, जिसमें लाल बिंदीदार रेखा जलनिकासी और सीवरेज दर्शाएगी। 10 मीटर तक के भवनों के लिए अग्निशमन प्रमाण पत्र की अनिवार्यता खत्म की गई है।

इसमें AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

बाबुल दीप, मुजफ्फरपुर । नए बिल्डिंग बायलाज में भवन निर्माण के लिए नक्शा तैयार करने में रंग संकेतक की भूमिका अहम होने वाली है। नक्शा तैयार करने में इसका अनिवार्य रूप से उपयोग होगा, ताकि आसानी से इसे समझा जा सके। इसके तहत 10 बिंदुओं पर अनिवार्य रूप से रंग संकेतक के साथ नक्शा तैयार करना होगा।

अगर बिंदुवार अलग-अलग रंगों की लाइन से नक्शा में दर्शाया पर ही यह स्वीकृत होगा। नगर विकास एवं आवास विभाग ने बिल्डिंग बायलाज से सभी जिलों को अवगत कराते हुए प्रस्तावित नक्शा में रंग संकेतक का अनिवार्य रूप से जिक्र होने के बाद ही स्वीकृत करने की बात कही है।

बिहार में भवन निर्माण के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। बिहार बिल्डिंग बायलाज-2026 के तहत अब तय ऊंचाई और निर्मित क्षेत्रफल तक के भवनों के लिए भवन योजना की स्वीकृति लेना आवश्यक नहीं होगा।

इसके स्थान पर भवन मालिक को केवल अपनी भवन योजना किसी पैनलबद्ध तकनीकी व्यक्ति से अनुमोदित कराकर पोर्टल पर अपलोड करना होगा।

निर्धारित शुल्क का भुगतान पोर्टल पर ही किया जा सकेगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति या संस्था भवन योजना की स्वीकृति का प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

10-15 मीटर वाले भवनों में अग्निशमन से एनओसी लेना अनिवार्य नहीं

स्व-प्रमाणन के लिए सामान्य शर्तों में कहा गया है कि 10-15 मीटर वाले भवनों को अग्नि अनापत्ति प्रमाण-पत्र से छूट होगी। इसके बावजूद पैनलबद्ध तकनीकी व्यक्ति को भवन योजना तैयार करते समय भवन में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने होंगे।

इसमें अग्निशामक यंत्र, अग्नि निकास, अग्नि अलार्म, स्प्रिंकलर, होज, अग्निशमन हेतु पर्याप्त जल भंडारण आदि शामिल है। स्व-प्रमाणन के अंतर्गत अनुमोदन के होते हुए भी पैनलबद्ध तृतीय-पक्ष अग्नि परामर्शदाता अथवा विभागीय अग्निशमन अधिकारी बिहार अग्नि सुरक्षा अधिनियम, 2014 के प्रविधानों के अंतर्गत अग्नि सुरक्षा आडिट कर सकते हैं। इसके अनुपालन में विफलता की स्थिति में भवन को सील किया जा सकता है।

किस भवन को कितनी छूट

अधिभोग (भवन का इस्तेमाल) का प्रकार अधिकतम ऊंचाई कुल निर्मित क्षेत्रफल :

  •  आवासीय 10 मीटर, 2500 वर्ग मीटर।
  • वाणिज्यिक 10 मीटर, 2500 वर्ग मीटर।
  • शैक्षणिक एवं खेल तथा मनोरंजन जैसे स्विमिंग पूल, जिम, स्पा, स्टेडियम नौ मीटर, 5000 वर्ग मीटर।
  • स्वास्थ्य सेवा तथा सार्वजनिक एवं अर्द्ध-सार्वजनिक 15 मीटर, 5000 वर्ग मीटर।
  • औद्योगिक (बिहार प्रदूषण नियंत्रण समिति /सीपीसीबी द्वारा वर्गीकृत श्वेत श्रेणी उद्योग) 15 मीटर, 5000 वर्ग मीटर।
  • मिश्रित उपयोग 15 मीटर 5000 वर्ग मीटर।

इन बिंदुओं को रंग संकेतक से होगा दर्शाना 

  • भूखंड रेखा : मोटी काली लाइन (जमीन की चहारदीवारी, जहां तक प्लाट है।)
  • विद्यमान सड़क : हरी लाइन (जो सड़क अभी बनी हुई है, सामने से जा रही है।)
  • भावी सड़क : हरी बिंदीदार लाइन (जो सड़क बनी नहीं है, लेकिन भविष्य में बन सकती है)
  • अनुमेय भवन : मोटी काली बिंदीदार लाइन (नियम के हिसाब से इतनी जगह में भवन बना सकते हैं।)
  • खुला स्थान : कोई रंग नहीं (जाे जगह खाली छोड़नी है, पार्किंग, आंगन ओर लान के लिए)
  • विद्यमान रूपरेखा : काली पतली लाइन (जाे निर्माण पहले से वहां मौजूद है)- ध्वस्त किया जाना प्रस्तावित कार्य : पीले हैच लाइन से। 
  • प्रस्तावित कार्य : लाल भरा हुआ (जाे नया निर्माण किया जाना है।)
  • जल निकासी एवं सीवरेज कार्य : लाल बिंदीदार लाइन
  • जलापूर्ति कार्य : काली पतली बिंदीदार लाइन (साफ पानी की पाइपलाइन कहां से आएगी)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।