मुजफ्फरपुर में रैयतों की आपत्ति से मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में अड़चन, अहम योजनाओं पर लग सकता ब्रेक
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में चहारदीवारी निर्माण रैयतों की आपत्ति के कारण रुक गया है। इस विवाद से उत्तर बिहार की महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा।

निर्माण कार्य ठप होने से बियाडा के समक्ष नई चुनौती खड़ी हो गई है।
HighLights
मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में चहारदीवारी निर्माण कार्य रुका।
दो रैयतों ने निजी जमीन का दावा कर आपत्ति जताई।
बियाडा ने अंचलाधिकारी से जमीन का ब्योरा मांगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Land Claim Dispute News: जिले के मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र के महत्वपूर्ण विकास पर उस समय ब्रेक लग गया, जब रैयतों की आपत्ति के बाद चहारदीवारी निर्माण का काम रुक गया।
बियाडा की ओर से मोतीपुर के बरियारपुर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए चहारदीवारी बनाई जा रही थी, लेकिन निजी जमीन का दावा करते हुए दो रैयतों ने काम रुकवा दिया। निर्माण कार्य ठप होने से बियाडा के समक्ष नई चुनौती खड़ी हो गई है।
जमीन के दावे और बियाडा की पहल
बियाडा के उप महाप्रबंधक ने मोतीपुर अंचलाधिकारी को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए जमीन से जुड़ा ब्योरा व वास्तविक कब्जे की जानकारी मांगी है।
बताया गया कि बरियारपुर में खतियानी रकबा के अनुसार 61.33 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जिस पर चहारदीवारी निर्माण के दौरान दरवी देवी व विशुनदेव सिंह ने दावा करते हुए काम रोक दिया।
उप महाप्रबंधक ने यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि 61.33 एकड़ में किसके पास कितने रकबा पर वास्तविक कब्जा है और दावेदार रैयतों के दावे का आधार क्या है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर बियाडा आगे निर्णय लेगा।
उत्तर बिहार की अहम औद्योगिक परियोजना
मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र उत्तर बिहार के उभरते मैन्युफैक्चरिंग और फूड प्रोसेसिंग केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है, जहां मेगा फूड पार्क, मक्का आधारित इथेनॉल इकाइयां, बायोगैस व सोलर प्लांट तथा लेदर फुटवेयर क्लस्टर व अन्य विनिर्माण इकाइयों से जुड़ा विस्तार चल रहा है।
भूमि आवंटन और प्लग एंड प्ले सुविधाओं के जरिए निवेश बढ़ने से मुजफ्फरपुर व आसपास के जिलों के युवाओं को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
ऐसे में चहारदीवारी निर्माण रुकने से इस अहम औद्योगिक परियोजना की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि क्षेत्र में औद्योगिक विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर प्रदूषण से जुड़ी चिंताएं भी समय समय पर सामने आती रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।